साथी

Tuesday, April 20, 2010

मदद

सब लोगों के ब्लॉग में एक बटन लगा रहता है जिसे दबा कर मैं अनुसरण कर लेता हूँ। क्या ऐसा बटन मेरे ब्लॉग पर भी लग सकता है?

ज़िन्दा रहना एक विसंगति

ज़िन्दा रहना मौत का इन्तज़ार भी हो सकता है।
मौत को भी जिया जा सकता है।
सन्नाटे को सुनने वाले ख़ामोशी की आवाज़ पहचानते हैं। भीड़ में तन्हा हो जाने वाले अक्सर गुम हो जाते हैं। जो अकेले होते हैं, वो अक्सर मेले में पाते हैं ख़ुद को-यादों के।
सूखे की पीड़ा में अक्सर आँखें गीली हो जाती हैं और बाढ़ में फँसने पर हलक सूख जाना आम बात है।
शब्दों से खेलने वाले अर्थ (धन के अर्थ में भी) के लिए अक्सर तरसते पाए जाते हैं और जहाँ अर्थ भावों की गूढ़-गंभीरता पहले से लिए हों, वहाँ शब्द अक्सर ढूँढे नहीं मिलते।
* * * * * * * * *
रोना अच्छी बात है। न रोना ख़राब। न रो पाना और भी ख़राब, बल्कि असह्य। न रो पाने वाला दया का पात्र होता है।
हँसना अच्छी बात है।
ख़ुद पर हँसना-सबके बूते का नहीं।
दूसरों पर हँसना-मानवीय कमज़ोरी है।
दूसरों पर हँसना मगर दूसरों के हँसने पर परेशान होना-कि कहीं ये मुझ पर तो नहीं हँस रहे-ख़राब बात है्।
दूसरों पर हँसना, ख़ुद पर भी हँसना, ख़ुद पर न रोना, दूसरों के हँसने पर साथ देना चाहे वो लोग ख़ुद आप पर ही हँस रहे हों और उन्हीं लोगों के रोने पर सहानुभूति बनाए रखना ये दूसरों को परेशान किए रखने की आसान तरक़ीब है।
* * * * * * * * *
जो समझ गया, वही पागल है। जिसे लगता है कि वह सब समझ रहा है - वो नासमझ। कबीर के हिसाब से तो जितने जी रहे थे वो पहले ही मर चुके थे और जो निश्चिन्त मरे - वही जी पाए।
विसंगति में ही विशिष्ट और सम्यक् गति है। यानी जब 'विशिष्ट' और 'सम्यक्' दोनों एक साथ हों - तो विसंगति।
क्या जो विशिष्ट हो उसे सम्यक् न होने दें और सम्यक् को विशिष्ट?
समाज के नैसर्गिक नियम तो ऐसे ही हैं - सम्यक् को विशिष्ट न बनने देने के।
इसी हिसाब से विसंगति को विचारकों की विशिष्ट पहचान भी समझा जा सकता है।
जब संगति ही विसंगति से हो जाए तो फिर?
==========================================
आराधना की परछाइयों वाली पोस्ट तो पढ़ी ही होगी आपने। आज टिप्पणी करने गया तो वहाँ से लिंक लेकर अनूप शुक्ल 'फ़ुरसतिया' जी  की तरफ़ चला गया।
उनकी पुरानी जनवरी 13, 2008 की पोस्ट पढ़ी जिसमें 9 जनवरी की घटना का ज़िक्र करते हुए उन्होंने एक जीवनगाथा फ़्लैश-बैक में समेट दी है। जिन हालात में उन्होंने लिखी होगी ये पोस्ट, उस समय इतना और ऐसा लिख पाना, धन्य हैं प्रभु!
प्रभु दर्द भी सोच-समझ कर देते हैं - उसी को, और उतना ही - जितना सह पाए।
पूरा संदर्भ तो उनकी पोस्ट से नहीं मिलता, मगर पता नहीं क्यों ऐसा लगा - "रो पाने" पर अपने ख़्यालात की वजह से (शायद) ऐसा लगा कि समय आ गया है मेरी इस पोस्ट के छपने का, अब जैसी भी है - आज ही, अभी ही भेज रहा हूँ ब्लॉग पर। …

खेती और बागवानी : अवैज्ञानिक तरीके और पर्यावरण को नुक्सान

पर्यावरण को नुक्सान पहुँचाने में एक दूसरे की होड़ में हैं सब।
इन चित्रों में देखिए - एक निहायत अवैज्ञानिक तरीक़ा जो अपनाया जाता है पतझड़ के बाद पत्तियों के निस्तारण का -  उन्हें जला डालते हैं। दो चित्रों में झुलसे हुए पेड़ दिख रहे हैं और तीसरे में किस तरह झड़ी हुई पत्तियाँ - जहाँ जैसे थीं, जला दी गई हैं और राख दिख रही है।
दु:खद बात यह है कि यह राजकीय उद्यान में - जहाँ उन्नत तकनीक की कृषि, बागवानी और पौधशाला का विकास आदि करने के लिए एक पूरा सरकारी अमला नियोजित है, वहाँ भी हो रहा है। नासमझी में इसका अनुकरण भी बहुत से लोग कर सकते हैं।
नतीजतन जो पर्यावरण का नुक्सान - धुआँ - प्राकृतिक जैव खाद जो बन सकती थी, उसका नुक्सान - जैव माइक्रोबियल उत्पादों का राख में तब्दील हो जाना - ये सब तो होता ही है; ऊपर से इस सुलगती आग से कई बार अग्निकाण्ड भी हो जाते हैं।
मेरी मुख्य चिन्ता इन सुलगती पत्तियों से झुलसने वाले पेड़ों को लेकर है। पेड़ कई बार तो तना/जड़ें झुलस जाने के कारण मर जाते हैं, कई बार अगले मौसम तक फूल-फल नहीं पाते और कई बार इन पेड़ों पर बसेरा करने वाले पक्षी, मधुमक्खी के छ्त्ते और अन्य कीट-पतंगे आदि भी या तो नष्ट हो जाते हैं या भौगोलिक तौर पर अपना स्थान बदल लेते हैं और इस तरह प्रकृति से अनावश्यक छेड़-छाड़ से प्रकृति की "डाइवर्सिटी" बदल जाती है।
पतझड़ के ठीक बाद गर्मी आ चुकी होती है और पानी का संकट प्रारम्भ हो जाता है, जिससे इस स्थिति में सुधार और भी दुष्कर हो जाता है।
पेड़ों को सीधे होने वाला नुक्सान टाला जा सकता है, सिर्फ़ थोड़ी सी जागरूकता और मालियों व किसानों की शिक्षा से
कि इस तरह जला कर पत्तियों से केवल मच्छर भगाए जाते हैं जो एक या दो दिन में फिर वापस आ जाते हैं, जबकि नुक्सान अनेक हैं।
नई कृषि तकनीकों में एक मशीन भी शामिल है जो गेहूँ, धान आदि की बालियाँ काट लेती है, जिससे अन्न की बर्बादी तो बहुत कम होती है, मगर शेष पौधा खेत में खड़ा ही रहता है। इसके बाद इस डंठल या तने को सीधे आग लगा कर जला दिया जाता है और खेत में बाद में रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग कर उर्वराशक्ति बढ़ा ली जाती है।
इस प्रक्रिया में खेत की नैसर्गिक उर्वरा शक्ति का ह्रास तो लम्बी अवधि में होता है, मगर भूसे का नुक्सान तुरन्त ही हो जाता है।
परिणाम यह होता है कि जब तक यह प्रक्रिया केवल कुछ बड़े काश्तकारों तक सीमित है, तब तक शायद असर न पता चले, मगर बड़े स्तर पर यह पशुओं के चारे की समस्या को भी विकरालता प्रदान कर सकती है।
पता नहीं कहीं मेरी चिन्ता अतिवादिता या निराशावादिता का रूप तो नहीं ले रही!

गुलमोहर

गुलमोहर की ये तस्वीरें मैंने आज चन्द्रशेखर आज़ाद उद्यान उर्फ़ कम्पनी बाग़ में लीं (सुबह 6:45) और इनसे ये साबित हो रहा है कि गुलमोहर के फीकेपन के लिये गर्मी सीधे ज़िम्मेदार नहीं है। पानी पाने वाले पेड़ के फूलों में फीकापन नहीं आया, जबकि पानी की कमी वाले पेड़ के फूल फीके हैं यक़ीनन।
मगर पानी की कमी के लिए तो गर्मी ही ज़िम्मेदार है न!
तो ज्ञानदत्त जी की बात …इति सिद्धम्

मट्ठा मौसम


ये है वो मट्ठे का गिलास जो हमेँ आज ऑफ़र किया गया, सत्तू क्लब की वार्षिक सदस्यता के साथ।
उत्तर मध्य रेलवे के मानचित्र पर यह रखा भी वहीँ है जहाँ से आया है यानी खागा और भरवारी के बीच।
चियर्स!

याद आए

याद आए!

छू लिया मन को किसी की याद ने
याद आने पर किसी का ज़ोर क्या…
भूलने पर बस नहीं चलता मगर,
भूलना वरदान बढ़ती उम्र का।

भूल जाने के लिए सौ-सौ जतन
चाहने से कब भला कुछ भूलता…
याद रख कर बेकली हो या घुटन
भूल जाना चाहती है विवशता

गीत गाने के बहाने,
या चले जाना नहाने,
देर तक सोना सुबह को, रात जगना
कभी चुप रहना, कभी बेवजह हँसना…

सुरमई रातों जली-बुझती उदासी,
रोशनी फ़ुटपाथ से चुपचाप आए,
बगल तक आकर सिरहाने पसर जाती
और निगरानी करे।

और निगरानी करे चुपचाप जैसे
माँ बदन पर शाल डाले देखती हो
कब दुलारा आँख का तारा कि प्यारा
लाल उसका नींद में ही गिर न जाए…

और तिस पर यह उलहना …
और तिस पर यह उलहना
है कि कोई उसी माँ की
निगहबानी की वजह से
सो न पाए!
रोशनी चुपचाप फिर आए सड़क से…

नींद में तकिया गिरा या हटी चादर,
गई बिजली और टूटे पड़े मच्छर
नींद ऐसी…
नींद ऐसी कौन जगता था जगाए!

अब असुविधा से बचाने
के लिए हैं कई साधन
हों भले सामर्थ्य में, उपलब्ध भी, पर,
मुद्दतें गुज़रीं सुखों की नींद आए।

अर्थ की महिमा चतुर्दिक, शब्द फैले जाल जैसे
लालची हैं, फँस रही हैं, मछलियों सी भावनाएँ
नहीं हो यदि 'अर्थ' तो संघर्ष जीवन,
किन्तु यदि बस 'अर्थ' हो तो व्यर्थ हैं संवेदनाएँ।

लाल उसका नींद में ही गिर न जाए…
निगहबानी की वजह से सो न पाए!
रोशनी फ़ुटपाथ से चुपचाप आए!
नींद ऐसी कौन जगता था जगाए!
मुद्दतें गुज़रीं सुखों की नींद आए।
प्यार से लोरी सुनाए - माँ सुलाए!
'अर्थ' हो तो व्यर्थ हैं संवेदनाएँ

और अब यह हाल देखो…
याद भी आता नहीं दिन गए कितने-
भूल कर भी जो किसी की याद आए!