साथी

Showing posts with label अनुभव. Show all posts
Showing posts with label अनुभव. Show all posts

Wednesday, September 29, 2010

सच, और सच के सिवा कुछ नहीं

बहुत दिन से ब्लॉगर की कोई साइट एक्सेस नहीं कर पा रहा था। जीमेल के सिवा कुछ चलता नहीं था, किसी का ब्लॉग पढ़ भी नहीं पाया - सो बज़ पर भी जाना रुका ही सा रहा। वो सारा वक़्त फ़ेसबुक पर बीता, अपने सम्पर्कों (जी हाँ, फ़ेसबुक पर "मित्र" नाम से मित्रता ही न समझिये…जहाँ मित्र बनाने के लिए प्रस्ताव देना पड़ता हो - वहाँ मित्रता नहीं होती - सम्पर्क ही बनते हैं, मेरी समझ और राय है - असहमति तो सभी का मौलिक अधिकार है) से बतियाने में लगा रहा।

दोस्ती तो बज़ पर ही होती है, जहाँ डॉ0 महेश सिन्हा जी ने बहुत अपनेपन से अभी कल ही टेहुनियाया हमको - कि चाहे जितना टरटरा लो - वापस यहीं आना है। वो वास्तव में हमें ट्विटर पर भटका हुआ समझ रहे थे। और था ये कि ट्विटर पर हम बीच-बीच में हाथ साफ़ करने चले जाते थे। आख़िर 140 अक्षरों या कैरेक्टरों में बात कहना एक साइंस टाइप की आर्ट ही तो हुई न! सो सीख जाएँ तो ठीक, वर्ना जाननी तो चाहिए कि कौन सा बटन कहाँ होता है दबाने के लिये - मान लो कल को हमें ऐसी नौबत आ जाए जैसी अमिताभ-शत्रु को दोस्ताना में आई थी - सीधे जहाज़ ही उड़ाना पड़ा था। अब कोई गाड़ी तो है नहीं, ट्विटर है…

सो ये चूँ-चूँ भी कर लेनी चाहिए ताकि जब वक़्त पड़े तो चूँ-चूँ का मुरब्बा न बन जाये।

जो फ़र्क लगा हमें ब्लॉग-ट्विटर-बज़-फ़ेसबुक में, क्योंकि हम ऑर्कुट वाली पीढ़ी के बाद के नेटियाये हुए हैं इस फ़ेज़ में (वर्ना पहला दौर तो हमारा भी वही था - हॉट-मेल वाला, जब याहू नई किस्म की मेल हुआ करती थी) वो भी दर्ज करना चहिये।

1-ट्विटर पर सीमा है, कैरेक्टरों की, बज़ में वो नहीं है। फ़ेसबुक और ब्लॉग तुलनीय नहीं समझे जाने चाहिये इस ट्विटर से।


2- बज़ पर मल्टीमीडिया पोस्टिंग संभव है, ट्विटर पर यह चक्करदार है और विभिन्न लिंकग्रस्तायमान हो जाती है जब ट्वीट - तो माइक्रोब्लॉगिंग की आत्मा मर जाती है। ट्विटर वास्तव में स्टेटस अपडेट्स देने, आपात्काल सूचनाओं के लिए, माइक्रोब्लॉगिंग के तहत गुडमॉर्निंग, आज मैंने ये किया या करूँगा/गी टाइप सेवाओं के लिये ठीक है, मगर किन लोगों के लिए ठीक है?
एक तो वो जो प्रसिद्ध हैं या राजनीति/सिनेमा/मल्टीमीडिया/ऐसे व्यवसाय में हैं कि पब्लिक ओपिनियन, फ़ैन-फ़ॉलोइंग उनके लिए हानि-लाभ तय करती हो - जिनके लिये प्रचार महत्वपूर्ण है - जो जनमत को मोड़ना-घुमाना चाहें उनके लिए बहुत बढ़िया औज़ार है।
दूसरे वो लोग जो प्रत्युत्पन्नमति और व्यंजना / व्यंग्य के प्रति सजग, सहज और कल्पनाशील हैं, जो मीडिया से जुड़े हैं, जो फ़ैशन से जुड़े हैं उनके लिए उत्तम साधन है। इस संबन्ध में मैं श्री झुनझुनवाला, शिवमिश्र (अपने वाले ही), डॉ0यमयम सिंह और सोनिया गाक्सधी की आई डी को उल्लेखनीय समझता हूँ। पहली कोटि में से जो मज़ेदार रहे हैं - वे हैं बिइंगसलमान खान, शाहरुख (आईएमएसआरके, राजदीप सरदेसाई, अनुपम खेर, करनजौहर (केजौहर) और अमिताभ बच्चन (एसआरबच्चन)। साथ ही श्रेया घोषाल और तरन आदर्श भी.

3- ट्विटर का सबसे महत्वपूर्ण गुण उसका मोबाइल पर सहज सुलभ हो सकना है। यह 24 घण्टे सम्पर्क में रहने की आवश्यकताओं को पूरा करता है।

4- फ़ेसबुक में सुरक्षा सम्बन्धी घपलों और खतरों को सबसे पहले ध्यान में रखा जाना चाहिये, इसलिये यह अच्छा होगा कि आप अपनी वास्तविक जानकारी न भरें अपने फ़ेसबुक खाते में - बल्कि कुछ ऐसे परिवर्तन कर के - जो आप तो सहज याद रख सकें अपनी इस कमोबेश फ़र्जी ओरिजिनल आईडी के बारे में - तब अपना खाता प्रयोग करें। यदि आप ऐसा नहीं करते तो आप फ़ेसबुक का पूरा आनन्द नहीं ले पाएँगे, क्योंकि इससे जुड़ा हर टूल आपकी सारी जानकारी को माँगेगा - वर्ना अपनी सेवाएँ नहीं देगा। कम से कम अपने बैंक खातों और अन्य आयकर या सरकारी आईडी से भिन्न सूचनाएँ रखना तो एक न्यूनतम सजगता समझी जानी चाहिए।

5-बज़ में ऐसा कोई घपला नहीं है। बज़ में आपको फ़ेसबुक और ट्विटर का मिला-जुला स्वरूप मिलता है सुविधाओं के हिसाब से और सुरक्षा तो जीमेल की है ही! फ़िलहाल तो यह सर्वोत्कृष्ट ही समझी जा सकती है।

6- मेरी व्यक्तिगत पसन्द जो फ़िलहाल बनी है  - वह है जीमेल, ब्लॉग थोड़े बड़े और ऐसे आलेखों के लिए जो पूरी तरह सतही न हों, अड्डेबाज़ी के लिए गूगल-बज़, संपर्क बनाए रखने के लिए फ़ेसबुक और इस सबके साथ मैं ट्विटर पर भी अभी हाथ आज़माता रहूँगा। वास्तव में मुझसे भूल क्या हुई ट्विटर पर जाने में कि मैं ट्विटर न जान-समझ कर वहाँ गया तो नहीं - बस अपने ब्लॉग की पोस्टें स्वत: वहाँ ट्वीट देने के लिए जोड़ दीं। अब जब गया तो लगा कि जैसे मुझे खराब लगता है कि एक तो सिर्फ़ 140 कैरेक्टर की माइक्रो-पोस्ट : उसमें भी ब्लॉग का लिंक…? हद है यार! तो अगर आप ट्वीट करते हैं और आपकी सर्जनात्मकता और बुद्धिकौशल सहज आकर्षित करता है, तो दस प्रतिशत ब्लॉग-लिंक तक चलेगा। लेकिन ब्लॉग-लिंक के बीच दस-प्रतिशत पोस्ट - यह नहीं चलेगा और आपके फ़ॉलोवरों की संख्या इतनी कम रहेगी कि आपको मज़ा ही नहीं आएगा ट्वीट करने में।

7- फ़ेसबुक मुझे इसलिए रास आ रहा है कि मैं इसके टूल्स को समझ पाया हूँ और मोबाइल से सीधे जोड़ रखा है - तो सदा-संपर्क बना रहता है।  यही हालत अगर ट्विटर की हो जाए तो मज़ा आ जाए - समय भी बचे और ताज़गी भी बनी रहे। सच तो यह है कि शिव-मिश्र और यमयमसिंह - इन दो के कारण मैं ट्विटर छोड़ नहीं पा रहा। शायद इन्हीं के कारण मैं ट्विटर पर जमने का प्रयास भी करूँ -आगे चल कर, हालाँकि कोई सेलेब्रिटी न होने के कारण मैं सफलता और मौज के प्रति बहुत आशान्वित नहीं हूँ - पर निराश भी नहीं हूँ - क्योंकि जन-मत को अपने अनुसार ढालना मुझे आता है - बख़ूबी। दिखाऊँगा, करके जनाब।

Wednesday, June 23, 2010

नए ब्लॉग अनुभव दर्ज करने की तैयारी

"इक मीर था - फिर इंशा थे - फिर फ़ाज़ली निदा; फिर फ़ाकामस्ती की हमीं ने ओढ़ ली रिदा"
===============================================
ऐसा नहीं कि मैंने नए ब्लॉग कम पढ़े
ऐसा भी नहीं है कि पुरानों से कट गया
कीचड़ की सल्तनत का देख राज्याभिषेक
मन ही तो है - कुछ दिन के लिए दूर हट गया

देखा कि लोग आते हैं बेकार बात पर
अख़बार जैसी पोस्ट पर - या ज़ात-पाँत पर
चिट्ठे का नाम लिख दो तो आ जाएँ टीपने
वर्ना लगेंगे अच्छी भली पोस्ट लीपने

कुछ लोग आए सोच के अहसान करेंगे
कुछ आए कि हम आगे उनका ध्यान करेंगे
देखा तो बयालीस लोग टीप चुके थे
हम सोच के बोझे से थके और झुके थे

क्या हो गया ! हमने तो बस अनुभव किए थे दर्ज
लगता है टिप्पणी भी है इक "वोट" जैसा मर्ज़
लगने लगा कि कैसे चापलूसी करें हम
वर्ना सज़ा भुगतने का लाएँ कहीं से दम

फिर यूँ हुआ कि हमने हौसला नहीं खोया
झूठे तकल्लुफ़ात का रोना नहीं रोया
तय पाया कि फिर दर्ज ख़यालात करेंगे
जो भी हो - हौसले से अपनी बात कहेंगे

तो अब यही सोचा है कि अपने ये तज्रुबात
बाँटेंगे, मगर बाँटेंगे अपने ही ख़यालात
जो सच है वही सच, जो कबूतर वो कबूतर
गिरगिट है तो गिरगिट, जो फ़टीचर तो फ़टीचर

जाएगी झूठी दोस्ती तो जाय आज ही
इस डर का हमें करना पड़ेगा इलाज ही
कुछ भी न रहे - बाक़ी है ईमान तो क्या ग़म
दुनिया से क्या? ख़ुद अपनी नज़र में तो जँचें हम
=========================================================================
यानी इस फ़ैसले के बाद अब चला जाय नए ब्लॉग अनुभव लिपिबद्ध करने। वक़्त लगेगा थोड़ा, मेहनत भी।
अब देखें कौन कहता है - 'दाग़' अच्छे हैं।
"धुलाई का पक्का वादा, सफ़ाई कम, क़ीमत ज़्यादा"

Wednesday, June 2, 2010

कम्युनिस्ट और कम्युनिज़्म : नज़रिया

अक्सर किसी विचारधारा - किसी आन्दोलन के बारे में राय बन जाती है उस समूह के उन चन्द लोगों के आधार पर जो आपके सम्पर्क में, आपकी नज़र में आते हैं। मुझे पता है कि ऐसा नहीं होना चाहिए, मगर मैं आदर्श स्थिति की नहीं, रोज़ाना की ज़िन्दगी की बात कर रहा हूँ।
बहुत बड़े स्वप्नद्रष्टा– नारों से फटे गले और आदर्शों के बोझ तले झुके कन्धों वाले कम्युनिस्ट जिनके लिए मलिन और गन्दा रहना स्टारडम हो, हर धर्म को गरियाना जिनका धर्म हो और सिगरेट, चाय, शराब या अन्य नशों की लत से जूझते हुए – समाज के नियमों को सिर्फ़ तोड़ने के लिए तोड़ कर – कुछ सन्तानों को अलग-अलग तीन-चार या कभी-कभी एक ही कोख में स्थापित करने की उपलब्धि से निपट कर किसी गन्दी सी बीमारी से यह संसार छोड़ भागने वाले लोग या चरित्र मुझे नहीं सुहाते।
कम्युनिस्ट सब ऐसे नहीं होते, उस विचारधारा में बहुत सी अच्छी बातें भी ज़रूर हैं, मगर ज़्यादातर ऐसे ही लोग मिले मुझे कम्युनिस्ट के चोले में - जीवन में भी और कहानियों में भी, सो कभी सहज नहीं हो पाया इस विचारधारा के साथ।
एक भी शख़्स ऐसा नहीं जानता मैं जो विचारधारा से कम्युनिस्ट हो और चाय-सिगरेट-शराब न पीता हो, जो विवाह की संस्था का सम्मान करता हो - इसलिए नहीं कि जन्मजात यह सीखा हुआ है उसने - बल्कि इसलिए कि यह कम्युनिस्ट विचारधारा में है।
ऐसा कम्युनिस्ट जो ख़ुश रहता हो, ख़ुशियाँ बाँटता हो या बाँटना चाहता हो और नियमित व्यायाम आदि करके शरीर के प्रति भी अपना आदर और सम्मान प्रकट करता हो, नहीं देखा।
कम्युनिज़्म ने क्या सिखाना चाहा था - पता नहीं, मगर यह ठीक लगता है कि सबके बच्चों को अपना बच्चा समझें - अनर्थ यह हुआ कि अपने बच्चों को भी ज़्यादातर सबका बच्चा समझ लिया गया - या फिर किसी का नहीं।
अभी हाल में अशोक पाण्डे के ब्लॉग पर गया था। उनका अपनी बच्ची के प्रति लगाव देख कर बहुत अच्छा लगा मुझे। भीग गया अन्दर तक। वे कम्युनिज़्म से प्रभावित हैं, और कुछ अलग भी हैं। ज़्यादातर कम्युनिस्ट भिगोते नहीं, भिगो कर मारते हैं।
धर्म को अकर्मण्यता या भाग्यवाद के रूप में न लिया जाय, यह बात समझ सकता हूँ मैं, मगर धर्म के प्रति निरादर का भाव - यह किसी को भी गिरा देता है मेरी नज़र में। आप मेरा धर्म न मानें - चलेगा। मगर आप किसी के भी धर्म का अपमान करें - यह नहीं चलेगा। आलोचना चल सकती है, दायरे में रह कर।
इस से नतीजा यह निकला कि मैं कभी कम्युनिज़्म के बारे में ठीक से यह समझ नहीं पाया कि किताबों के स्तर पर समाज के लिए इतना प्रभावी और आकर्षक होते हुए भी कभी यह प्रथम विकल्प क्यों नहीं बन पाया।
एक अकेले मेरे न समझ पाने और कम्युनिज़्म से अरुचि सी हो जाने से क्या फ़र्क़ पड़ता है? सही है, मगर मेरे जैसे और भी तो होंगे। विरोध में विकसित हो चुके पूर्वाग्रहों वाले मस्तिष्क को भी यदि बात समझाई जा सके, तभी सफलता है प्रचारकों की, तभी सफलता मिल सकती है किसी आन्दोलन को; या फिर स्वेच्छा से रुचिकर लगे, ऐसा कुछ हो उस धारा में।
इस मामले में भी मैंने अधिकतर कम्युनिज़्म-प्रवर्तकों को अधैर्य-ग्रस्त पाया जो शीघ्र ही वाचिक हिंसा और / या बौद्धिक आतंकवाद का सहारा ले बैठते हैं।
मुझे लगता है कि जो धारा प्रमुखत: उन्हीं का आह्वान करती हो, उन्हीं पर आधारित हो जिनको सर्वहारा कहें तो एक जन्मजात आक्रामकता होना लाज़मी है उस समूह में।

Saturday, May 15, 2010

ब्लॉगरी में महानता के मानक : संदर्भ समसामयिक प्रश्न

हाल में महानता के मानक चर्चित रहे। अब अगली कड़ी में जैसे ही ब्लागरी में महानता के मानक तय करने की बात आई, लोग मूल प्रश्न से भटके हुए लगते हैं। यहाँ तक कि प्रश्न स्वयम् भी।
ज्ञानदत्त जी की मानसिक हलचल में प्रश्न उठा कि कौन बड़ा ब्लॉगर, और शुरू हो गए पत्थर चलने, सिर-फुटव्वल।
मैं अभी तक यही सोच रहा था कि “बड़ा” तय करने के आधार कोई बताएगा, तब खेल शुरू होगा। बिना नियम बताए तो कोई मैच नहीं हो्ता, न कोई शास्त्रार्थ्। और अपनी पसंद के आधार पर ही अगर तय करना हो तो फिर तो यह निजी मामला हो गया। यदि मतदान करना हो, तो चुनाव घोषणापत्र चाहिए, और फिर उस पर उम्मीदवारों की चर्चा।
अक्सर तो यही होता है, पर यहाँ कोई समिति भी नहीं बनी है जो सर्व-सम्मति से ऐसे नियम तय कर दे। कमाल यह है कि इण्टरनेट चल रहा है, खुले में, मगर हिन्दी-ब्लॉग-जगत में मूल्यांकन क्या केवल व्यक्तिगत सुविधा के आधार पर होगा?
मेरे अपने सुझाव हैं, जिनके तहत मुझे लगता है कि ब्लॉग या ब्लॉगर का क़द नापने की कोशिश में जो बातें महत्वपूर्ण रहेंगी, उनमें से कुछ बिन्दु हैं -
Rose-Petals-redz 1) ब्लॉग पर कुल हिट्स
2) ब्लॉग पर कुल टिप्पणियाँ
3) ब्लॉग की उपयोगिता
4) ब्लॉगर की सामाजिकता और व्यावहारिकता (वैसे यह न भी हो तो भी लोग अंत में अपने पसंदीदा ब्लॉगर को ऊँची रैंकिंग देंगे ही)
5) ब्लॉग की कुल संख्या और वर्गीकरण – जैसे कोई कविता, कहानी, चर्चा, लेख और तकनीकी सहायता आदि में से किस-किस कोटि में सक्रिय है। अब एक दर्शन-फ़लसफ़े पर बने ब्लॉग की तुलना चुटकुलों के ब्लॉग से करना तो असंगत ही होगा न?
6) ब्लॉग-सामग्री की गुणवत्ता – यह कोटि के अनुरूप ब्लॉग पाठकों द्वारा ही 1 से 10 के पैमाने पर अंकित की जानी हो।
7) ब्लॉग का अद्यतन किया जाना – दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक, मासिक, त्रैमासिक या अनियमित
8) ब्लॉग पर सबके लिए उपयोगी सामग्री जो कॉपीराइट उल्लंघन से परे, नि:शुल्क डाउनलोड हो सकती हो या चि्त्र, विजेट, टेम्प्लेट आदि जो अन्यत्र प्रयुक्त हो सकें।
यह बाध्यता भी हो कि मूल्यांकन के लिए मत उसी ब्लॉग-पाठक का गिना जाय जो मूल्यांकन अवधि में कम से कम पाँच बार, या प्रति पोस्ट एक बार, या प्रतिमाह कम से कम तीन बार (या ऐसी ही कोई सर्वसम्मत संख्या) तक कम से कम उस ब्लॉग पर जा कर टिप्पणी कर आया हो। बिना पढ़े या टिपेरे कैसा मत?
जो भी हो, अगर खेल होना है, तो नियम तय किए जाएँ, शुरू करने के पहले।
अब मेरे प्रश्न स्वयं से ही हैं कि-
1) क्या ब्लॉगरी स्वान्त: सु्खाय ही नहीं होनी चाहिए?
2) ज़्यादातर लोग जो ब्लॉगरी में लगे हैं, क्या वे अपनी किन्हीं महानता की अधूरी रह गयी इच्छाओं की पूर्ति के लिए आए हैं, या बस अच्छा लगता है इसलिए? प्रोफ़ेशनल ब्लॉगर को यकीनन शौकिया ब्लॉगर से अलग देखना होगा।
3) क्या विभिन्न रैंकिंग्स जो दी जा रही हैं, तरह-तरह की सेवाओं द्वारा, वे ब्लॉगरों के अहम् की मानसिक तुष्टि के लिए पर्याप्त नहीं हैं?
शायद कुछ अन्तराल पश्चात् मैं अपनी राय स्थिर कर सकूँगा, और तब उत्तर भी ढूँढ लूँगा।
और अन्त में, अपनी व्यक्तिगत राय, जितनी स्थिर है, उसे भी व्यक्त कर दूँ।
मैं समझता हूँ कि मेरे लिए अच्छा पढ़ लेना ही पर्याप्त नहीं है, जिसके लिए अच्छे से अच्छे रचनाकारों की अच्छी से अच्छी कृतियों से बाज़ार, पुस्तकालय पटे पड़े हैं, उन्हें पढ़ने के लिए पूरा जीवन कम है और यहाँ तक कि नेट पर भी रुचि के अनुरूप सामग्री उपलब्ध है, नि:शुल्क भी। ऐसे में मुझे कोई मुग़ालता नहीं अपने लेखन को लेकर, न दूसरों के।
Rose_Petalsमेरे लिए ब्लॉगरी में ज़्यादा महत्व की बात है आपसी सम्वाद, अन्तर्कथन और अन्तर्संवाद जो जान है इस नेटीय सामाजिक संरचना की। मेरे लिए दोस्ती और भावनात्मक संबल ज़्यादा बड़ी बात है।
इसी से मैं ब्लॉग पर हूँ, वर्ना किसी के ब्लॉग पर जा कर पढ़ने के बाद टिप्पणी देने की क्या ज़रूरत? क्या मेरे प्रतिक्रिया न देने से लेखन की गुणवत्ता घट जाएगी? नहीं, मगर देने से बढ़ सकती है, सुधार हो सकता है। इसी से जो चटते हैं मेरे साथ चैट पर, वे मेरे दिल के ज़्यादा करीब आ चुके हैं, और उनकी कमियाँ अगर कोई हों तो उनसे मुझे फ़र्क नहीं पड़ता उनकी अच्छाइयों के आगे।
मेरे लिए शुरुआती दौर में भी ऐसा था, और बाद में भी, जो महत्व आपसी संवाद का है, हौसला बढ़ाने वालों का है, वह गुणवत्तापरक लेखन का न है, न हो सकता है। कौन से अध्यापक अच्छे लगते थे – जो स्वयं बहुत उच्च योग्यताधारक थे? या जिन्होंने अपनी कमियों को जीतना सिखाया? या जिन्होंने ख़ुद से ज़्यादा ऊँचाई तक पहुँचाने के लिए अपने शिष्य में उच्चतर योग्यता पैदा की? और उन अध्यापकों से पहले क्या वह माँ, बहन, बड़े भाई, चाचा याद नहीं जो आपकी ग़लती होने पर भी साथ ही खड़े हुए?
आदर्श कुछ भी हों, जो मेरा साथ दे, हर परिस्थिति में - मेरा अपनत्व भी उसी के साथ है, और इस संशयविहीन सोच पर मैं ख़ुश हूँ।
सबकी अपनी-अपनी सोच है, मगर मेरी सोच तो यही है कि -
प्यार तो करते हैं दुनिया में सभी लोग, मगर;
प्यार जतलाने का अंदाज़ जुदा होता है
कोई भी ठोकरें खा जाय तो गिर सकता है,
झुक के जो उसको उठा ले – वो ख़ुदा होता है
ब्लॉगरी की मान्यताएँ और उसूल वास्तविक जीवन से अलग नहीं हो सकते। मुझे यह स्वीकारना पड़ता है कि यदि मेरे अपनों की व्यक्तिगत उपलब्धियाँ कुछ कम भी हों तो भी मैं उन्हीं के साथ रहूँगा, व्यक्तिगत उत्कृष्टता का मोल पारस्परिक सहभागिता में उत्कृष्टता के आगे कम है मेरे लिए।
----------------------------------------------------------------
(काव्यपंक्तियों के रचयिता:अज्ञात; सभी चित्र गूगल से साभार)

Friday, May 14, 2010

मद्यं शरणं गच्छामि : 'बच्चन' के बहाने

बच्चन जी की स्वयं चुनी हुई कविताओं संकलन पलट रहा था, “मेरी श्रेष्ठ कविताएँ”। अचानक एक पृष्ठ पर निगाह ठहर गयी – नीचे उद्धृत करता हूँ आपके रसास्वादन के लिए: (अंश: “बुद्ध और नाचघर” से)
जहाँ ख़ुदा की नहीं गली दाल, वहाँ बुद्ध की क्या चलती चाल?
वे थे मूर्ति के ख़िलाफ़ - इसने उन्हीं की बनाई मूर्ति,
वे थे पूजा के विरुद्ध - इसने उन्हीं को दिया पूज,
उन्हें ईश्वर में था अविश्वास - इसने उन्हीं को कह दिया भगवान,
वे आए थे फैलाने को वैराग्य, मिटाने को सिंगार-पटार - इसने उन्हीं को बना दिया श्रृंगार।
*  *  *  *  *  *  *
…सबके अंदर उन्हें डाल, तराश, खराद, निकाल
बना दिया उन्हें बाज़ार में बिकने का सामान।
*  *  *  *  *  *  *
शेर की खाल, हिरन की सींग
कला-कारीगरी के नमूनों के साथ - तुम भी हो आसीन,
लोगों की सौंदर्य-प्रियता को देते हुए तस्कीन,
इसीलिए तुमने एक की थी आस्मान – ज़मीन?
*   *   *   *   *   *   *
(अंत में – यह ज़िक्र करते हुए कि नाचघर में एक तरफ़ बड़ी सी बुद्ध की मूर्ति शोभायमान है, रंग-बिरंगे जलते-बुझते बल्बों के बीच रंगीली सज्जा में – और दूसरी तरफ़ लाइव-ऑर्केस्ट्रा के जाज़ पर जोड़े थिरकना शुरू कर चुके हैं…)
"मद्यं शरणं गच्छामि,
मांसं शरणं गच्छामि,
डांसं शरणं गच्छामि"
--------------------------------------------
इसी तरह एक अन्य पृष्ठ पर उनका फ़ुटनोट देखा -
"यह कविता और गीत – आकाशवाणी केन्द्र में इस दिन फीतांकित किए गए"
और मैं चौंका – टेप-रिकार्ड किए जाने का सार्थक सशक्त अनुवाद –“फीतांकन”! वाह!!
मैंने अब तक नहीं देखा कहीं भी यह प्रयोग।
मेरी अज्ञानता हो सकती है इसमें, मगर यही बातें तो एक सामान्य कवि को विशिष्ट बनाती हैं।
क्या ब्लॉगरी भी सप्रयास ऐसी ही समृद्धि दे नहीं रही हिन्दी को? बिना नारे लगाए भी, मुक्त और स्वच्छ्न्द यह हिन्दी आन्दोलन अब तक के सारे आन्दोलनों, सारे ***वादों और सारी धाराओं को पीछे छोड़ देगा, इसमें मुझे ज़रा भी संदेह नहीं।
और मुझे समझ में आ गया कि पुस्तक खरीदनी पड़ेगी - जबकि कविता पढ़ने को मैं अच्छी आदत नहीं समझता। वो भी ख़रीद कर–प्रवीण पाण्डेय के शब्दों में कहूँ तो - “शिव-शिव, हर-हर!”
*  *  *  *  *  *  *  *  *
मैंने पहले भी बहुत कविताएँ नहीं पढ़ी थीं उनकी, और विशेष रुझान भी नहीं था। इसी से उनका गद्य लेखन तो पढ़ा गया – बचपन में, जब समय ख़ूब रहता था मगर कविताएँ – उफ़्! कविता पढ़ना मुझे उबाऊ काम लगता था, और लगता है।कविता सुनना अच्छा लगता था, मगर कुछ ख़ास तरह की, और गेय।
बाद में प्रसाद जी की कविताएँ अच्छी लगीं, निराला की भी। पन्त और महादेवी जी की कविताओं के प्रति वैसा रुझान कभी उत्पन्न नहीं हुआ। महादेवी जी का गद्य भाता है। फिर बिहारी, गुलज़ार, रसखान जमे। फिर मैं समझ पाया कि मेरी पसन्द छोटी, उक्ति-वैचित्र्य से भरपूर और व्यंग्य या तंज़ से भरपूर रचनाओं के प्रति है। आनन्द और दिल तक पहुँचना ज़्यादा ज़रूरी है मेरी पसन्द के लिए।
काका ‘हाथरसी’ जमते थे। उनकी कविताएँ याद करनी पड़ीं, क्योंकि पाँच साल की उम्र में ही उनका रोल अदा करना पड़ा था मुझे, स्टेज पर। वहीं से स्टेज की सवारी शुरू हुई थी, जो अभी जारी है।

Tuesday, April 20, 2010

याद आए

याद आए!

छू लिया मन को किसी की याद ने
याद आने पर किसी का ज़ोर क्या…
भूलने पर बस नहीं चलता मगर,
भूलना वरदान बढ़ती उम्र का।

भूल जाने के लिए सौ-सौ जतन
चाहने से कब भला कुछ भूलता…
याद रख कर बेकली हो या घुटन
भूल जाना चाहती है विवशता

गीत गाने के बहाने,
या चले जाना नहाने,
देर तक सोना सुबह को, रात जगना
कभी चुप रहना, कभी बेवजह हँसना…

सुरमई रातों जली-बुझती उदासी,
रोशनी फ़ुटपाथ से चुपचाप आए,
बगल तक आकर सिरहाने पसर जाती
और निगरानी करे।

और निगरानी करे चुपचाप जैसे
माँ बदन पर शाल डाले देखती हो
कब दुलारा आँख का तारा कि प्यारा
लाल उसका नींद में ही गिर न जाए…

और तिस पर यह उलहना …
और तिस पर यह उलहना
है कि कोई उसी माँ की
निगहबानी की वजह से
सो न पाए!
रोशनी चुपचाप फिर आए सड़क से…

नींद में तकिया गिरा या हटी चादर,
गई बिजली और टूटे पड़े मच्छर
नींद ऐसी…
नींद ऐसी कौन जगता था जगाए!

अब असुविधा से बचाने
के लिए हैं कई साधन
हों भले सामर्थ्य में, उपलब्ध भी, पर,
मुद्दतें गुज़रीं सुखों की नींद आए।

अर्थ की महिमा चतुर्दिक, शब्द फैले जाल जैसे
लालची हैं, फँस रही हैं, मछलियों सी भावनाएँ
नहीं हो यदि 'अर्थ' तो संघर्ष जीवन,
किन्तु यदि बस 'अर्थ' हो तो व्यर्थ हैं संवेदनाएँ।

लाल उसका नींद में ही गिर न जाए…
निगहबानी की वजह से सो न पाए!
रोशनी फ़ुटपाथ से चुपचाप आए!
नींद ऐसी कौन जगता था जगाए!
मुद्दतें गुज़रीं सुखों की नींद आए।
प्यार से लोरी सुनाए - माँ सुलाए!
'अर्थ' हो तो व्यर्थ हैं संवेदनाएँ

और अब यह हाल देखो…
याद भी आता नहीं दिन गए कितने-
भूल कर भी जो किसी की याद आए!

Monday, March 29, 2010

आपबीती : ब्लॉगरी

जो आपको बताने का वादा किया था कि गड़बड़ क्या हुई, क्या बीती हम पे ब्लॉगियाने के चक्कर में, वही किस्तों में बयान कर रहा हूँ। भई बीती भी तो किस्तों में ही है -
स्वर में गंभीरता उड़ेलते हुए देवी जी ने पूछा - "घर में कम्प्यूटर पर ये क्या करते रहते हो आजकल?"
उत्तर में मैंने क़बूला - "ब्लॉगरी सीख रहा हूँ।"
"तो ऑफ़िस में दिन भर क्या करते रहते हो?"
"जल्दी ही सीख जाऊँगा तो फिर इतना वक़्त नहीं लगाया करूँगा"
"ठीक है"
* * * * * * * * *
इस सम्वाद को भी एक महीना होने को आया। हालात सुधरने के बदले बिगड़ ही रहे हैं। देवी एक तो पहले ही रुष्ट, उनके हिस्से का समय अब कम्प्यूटर पर जो जाने लगा। निगहबानी शुरू हो गई कि आख़िर ऐसा क्या चक्कर है? क्या है जो लत जैसा पकड़ रहा है? एकाएक आ-आकर पीछे से देखा जाता था कि स्क्रीन से ही कोई क्लू मिले। दूसरे किस्मत से उन्होंने जब देखना चाहा, कुछ न कुछ गड़बड़ मिला। अगर सुरागरसी के लिए बच्चों की मदद ली होती, तो शायद बात कुछ सँभल भी जाती, मगर यहाँ तो सारी करमचन्दई भी मैडम ख़ुद कर रही थीं।

परसों से मामला और बिगड़ा।
इधर मैंने एक बढ़िया ब्लॉग फ़ॉलो करने की कार्यवाही पूरी की, चटका लगाया और मैडम तब तक पीछे आकर खड़ी हो गईं - "आजकल बड़ी मेहनत पड़ रही है - ऑफ़िस से आते ही फिर जुट जाते हो"
इससे पहले कि मैं उनकी अनपेक्षित सदाशयता का आभार प्रकट करता, स्क्रीन पर ब्लॉगर बाबा उवाच - "अब आप सफलतापूर्वक कुमारी …देवी का अनुसरण कर रहे हैं" उन्होंने पढ़ना शुरू कर दिया था। क्या करें अब?
ब्लॉग का शीर्षक कुछ और है, मगर ब्लॉगर पर लोगों ने दर्ज अपने नाम से कर रखा है, सो हमने ये तो सोचा ही नहीं था कि ब्लॉग के बदले ब्लॉगर का नाम ही आ जाएगा। हिन्दी में अनुसरण करने का अर्थ तो वही है जो अंग्रेज़ी में फ़ॉलो करने का, पर संस्कृति के फ़र्क से अनर्थ क्या-क्या हो सकते हैं! तो इस हिसाब से तो हम कई कुमारी और कई श्रीमती का अनुसरण करते पाए जा सकते हैं।
पूछा गया कि ये सब किस के चक्कर में पड़ कर सीखा है? तो गुरू ज्ञानदत्त पाण्डेय जी का नाम लेना ही पड़ा हमको। उन्होंने थोड़ा धीरज रखा और हमसे कहा कि ज़रा उनकी भी "हलचल" दिखाओ। बस फिर क्या था, साँस में साँस आई और हमारी उँगलियों ने तुरन्त हलचल दिखाई।
मगर गुरूजी को भी आज ही त्रासदी का फ़लसफ़ा छापना था -
"मेरे जीवन की त्रासदी यह नहीं है कि मैं बेइमान या कुटिल हूं। मेरी त्रासदी यह भी नहीं है कि मैं जानबूझ कर आसुरी सम्पद अपने में विकसित करना चाहता हूं। मेरी त्रासदी यह है कि मैं सही आचार-विचार-व्यवहार जानता हूं, पर फिर भी वह सब नहीं करता जो करना चाहिये।"
और हमारी त्रासदी? भवानी उवाच - "तो ये ही गुरू हैं? चलो ये कम से कम मान तो रहे हैं साफ़-साफ़। तुम तो मानोगे भी नहीं।"
Wife1 भृकुटि तन चुकी थी, आवाज़ में तीखापन और रूप में रौद्र-भाव, भवानी वीर-रस के स्थायी भाव का अवलम्बन लेकर अब कहीं हमारे कम्प्यूटर को वीर-गति न दे दें!
हड़बड़ी में हम भूल गए कि क्या करने जा रहे हैं - सो नाम ले बैठे उड़न तश्तरी का।
मैडम बोलीं "तो तुमको क्या बिलागिया के अब दूसरे ग्रह से संपर्क करना है?"
हम उन्हें यह बताने लगे कि नहीं-नहीं, समीर लाल जी एक बड़े प्रतिष्ठित ब्लॉगर हैं, बड़ी पूछ है उनकी, बड़े पहुँचे हुए हैं, लो ये उनका पेज देखो…और पेज खुला समीर लाल जी का…
सत्यानाश! हमें पहले ही समझना चाहिए था कि आज कनाडा में ही सही, है तो आदमी जबलपुरिया ही; कहाँ लाके मरवाया है बन्दे ने…! आज ही इन्हें ये वैराग्य व्यापना था…!
जो लिखा दिखा, उसमें से भी जो-जो बोल्ड में था - वही पढ़ लिया गृहलक्ष्मी जी ने। सो आप भी देखें कि क्या लिखा था -
"…निंदिया न आये-जिया घबराए……
…इंसान अध्यात्म की तरफ भागता है भयवश…
…आज मजबूरी है, पाप कर्मों के बोझ से खुद को अकेले में उबारना…
…अब तो एक चाहत और जुड़ गई कि किसी तरह नैय्या डूबने से बची रहे…
…खुद को कब नीचा दिखा सकते हैं खुद की नजरों में?…
…क्या पाप, क्या पुण्य, कैसा मुक्ति मार्ग?…"
मैडम बोलीं - "ये पहुँचे हुए तो लग ही रहे हैं। संगत ये कर रखी है, लड़के को क्या सिखाओगे? चलो और पेज खोलो"…
अविनाश वाचस्पति ने लिख रखा था "रम" के बारे में - कि "रम की मौजूदगी की बानगी देखिए- बेशरम में - धरम में - गरम में - मरम में - चलें पीनें!"
यानी…लगता है कि मुहूर्त ही खराब है आज…
अब कुछ बोलीं नहीं मैडम, घूरते हुए पैर पटक कर माता जी के कमरे में चली गईं।

हम समझ गए कि अब कुछ नहीं हो सकता। अब कोई ब्लॉग दिखाने या बज़-बज़ाने से फ़ायदा नहीं मगर फिर जब देखा कि मैडम संध्या-भ्रमणातुर हो रही हैं तो चुपचाप साथ निकल लिए। भ्रमणादि से निवृत्त हो आए, लौट कर वो किचेन में और हम चुपके से लैपटॉप पर फिर शुरू हुए।
फिर देखा बज़…तो अब तक ज्ञानदत्त पाण्डेय जी लिख चुके थे …लत के बारे में, और संदर्भ दे चुके थे समीर लाल जी का, पक्की कर चुके थे अविनाश वाचस्पति जी और ये सब देखते हुए हम अन्य बोलागीरों के बोल-वचन देखने निकल पड़े…
एक ब्लॉग पसन्द आया, फिर फ़ॉलो करने लगे कि मैडम चुपके से पीछे से कब देखने आ गयीं पता ही नहीं चला…
मामला इस बार और भी संगीन हो गया जब उन्होंने ये देखा कि अब हम पुरुषों का भी अनुसरण करने लगे हैं।
ज़्यादा कुछ नहीं कहा उन्होंने इस बार सिर्फ़ "थू-थू" करके चली गईं वहाँ से और बोलचाल बन्द कर दी। जाने क्या-क्या शिकायत तो माता जी से करेंगी…
मगर आज नाराज़ हैं सो माताजी के ही कमरे में सो रही हैं और हम मौक़ा पा कर फिर से जुटे हैं कि पूछ तो लें जनमत से और अपनी तकलीफ़ भी बता लें… अब क्या बताएँ - कैसा कैसा लगता है इस ब्लॉगियाने के चक्कर में पड़कर। आप ख़ुद समझदार हैं – बताएँ हम क्या करें, ब्लॉगरी छोड़ कर ख़ुद को "सुधार" लें, या फिर गुरू पाण्डेय जी के घर ले जा कर भाभी जी से समझवाएँ, या फिर…
अब हम कइसे - का करें? छुटती नहीं है काफ़िर ब्लागरी लगी हुई…

Friday, March 26, 2010

अरे बड़ी गड़बड़ हो गई!

अरे वाकई बड़ी गड़बड़ हो गई। हमने इस ब्लॉग पर आकर देखा ही नहीं - अइसे गए फेरि नहिं बहुरे… यानी 'मोहन' नाम सार्थक कर दिया…
और यहाँ भाई लोगों ने इतने ढेर सारे संदेश दे डाले। अशिष्टता हो गई, किसी को धन्यवाद ज्ञापित भी नहीं किया और कुछ लिखा भी नहीं यहाँ। हाथ साफ़ करते रहे पोस्टरस पर जाकर, जगह-जगह ऑटो-पोस्ट करवा कर।
सब को प्रणाम, सलाम, बड़ों को प्यार बच्चों को राम-राम।
देवियों और सज्जनों, यानी ख़वातीनों-हाज़रात! शुरूआत में तो कुछ खुराफ़ात नहीं करनी चाहिए मगर क्या करूँ - जो गुज़री है मुझ पर इस ब्लॉगियाने की कोशिश में - शुरूआती दौर में, पहले वही बयान करूँगा।
कल से शुरू, मगर तब तक आप से निवेदन है कि आप मेरे पोस्टरस यानी इलाहाबादी की बतकही, दस-बहाने और इब्तिदा=आग़ाज़=शुरूआत=पहल में से जहाँ ठीक समझें टहल आएँ, तब तक मैं यहाँ अपने अनुभव दर्ज करता हूँ।


अगर आप को शेर-ओ-शायरी पसंद है तो आप यक़ीन जानें सुख़नवर आपके इंतज़ार में अपना दीवान और याददाश्त के पन्ने, दोनों लिए बैठा है , अपना और दूसरों, दोनों का क़लाम सुनाने को।

Thursday, February 18, 2010

बलिहारी गुरु आपने जिन ब्लॉगिंग दई बताय

अब इन्सान चाहता है क्या और होता है क्या ये तो आप सबको पता ही है। चाहा था 2007 में कि ब्लॉग लिखूँगा, वक़्त मिला गया ऐसा लगता था; सो लिख रहा हूँ 2010 में। वो भी पहला महीना ही नहीं आधी फ़रवरी भी बिता कर। अरे भाई, वक़्त से क्या होता जब गुरू ही नहीं मिले थे?
अब गुरू मिले तो शुरू हो गया। वैसे हमारे गुरू ज्ञानदत्त जी का भी प्रभामण्डल गज़ब का है! उनके चरणों का प्रताप है कि जिस कमरे में बैठते हैं उसके ठीक नीचे बैठते हैं हमारे कपिल भाई - सो कवि हो गए। हम पर असर यह कि कवि थे सो गद्य में लिखना शुरू कर दिया। छ्पास कभी रही नहीं, मगर ब्लॉग ऐसा चर्राया कि रोज़ाना कोशिश जारी है। अभी सीख रहे हैं सो कुछ उल्टा-सुल्टा कमेण्ट मत मारिएगा आप लोग। बाद में तो हम खैर सीख जाएँगे तो फिर सीखे-सिखाए आदमी पर कमेण्ट करना तो आप लोगों को वैसे भी शोभा नहीं 'डे' गा।
अब जरा जाएँ गुरू जी से सीख के आएँ कि फोटो, वीडियो, कमेण्ट सब कइसे क्या होता है, फिर बताते हैं एक-एक को…
और क्या, पहलवानियै जैसे तो हम कर रहे हैं ई ब्लॉगिंग…