साथी

Showing posts with label कविता. Show all posts
Showing posts with label कविता. Show all posts

Wednesday, June 23, 2010

नए ब्लॉग अनुभव दर्ज करने की तैयारी

"इक मीर था - फिर इंशा थे - फिर फ़ाज़ली निदा; फिर फ़ाकामस्ती की हमीं ने ओढ़ ली रिदा"
===============================================
ऐसा नहीं कि मैंने नए ब्लॉग कम पढ़े
ऐसा भी नहीं है कि पुरानों से कट गया
कीचड़ की सल्तनत का देख राज्याभिषेक
मन ही तो है - कुछ दिन के लिए दूर हट गया

देखा कि लोग आते हैं बेकार बात पर
अख़बार जैसी पोस्ट पर - या ज़ात-पाँत पर
चिट्ठे का नाम लिख दो तो आ जाएँ टीपने
वर्ना लगेंगे अच्छी भली पोस्ट लीपने

कुछ लोग आए सोच के अहसान करेंगे
कुछ आए कि हम आगे उनका ध्यान करेंगे
देखा तो बयालीस लोग टीप चुके थे
हम सोच के बोझे से थके और झुके थे

क्या हो गया ! हमने तो बस अनुभव किए थे दर्ज
लगता है टिप्पणी भी है इक "वोट" जैसा मर्ज़
लगने लगा कि कैसे चापलूसी करें हम
वर्ना सज़ा भुगतने का लाएँ कहीं से दम

फिर यूँ हुआ कि हमने हौसला नहीं खोया
झूठे तकल्लुफ़ात का रोना नहीं रोया
तय पाया कि फिर दर्ज ख़यालात करेंगे
जो भी हो - हौसले से अपनी बात कहेंगे

तो अब यही सोचा है कि अपने ये तज्रुबात
बाँटेंगे, मगर बाँटेंगे अपने ही ख़यालात
जो सच है वही सच, जो कबूतर वो कबूतर
गिरगिट है तो गिरगिट, जो फ़टीचर तो फ़टीचर

जाएगी झूठी दोस्ती तो जाय आज ही
इस डर का हमें करना पड़ेगा इलाज ही
कुछ भी न रहे - बाक़ी है ईमान तो क्या ग़म
दुनिया से क्या? ख़ुद अपनी नज़र में तो जँचें हम
=========================================================================
यानी इस फ़ैसले के बाद अब चला जाय नए ब्लॉग अनुभव लिपिबद्ध करने। वक़्त लगेगा थोड़ा, मेहनत भी।
अब देखें कौन कहता है - 'दाग़' अच्छे हैं।
"धुलाई का पक्का वादा, सफ़ाई कम, क़ीमत ज़्यादा"

Saturday, June 19, 2010

गौरैया

एक गौरैया मिली दालान में

दुपहरी में चहकती-चुगती हुई
घोंसले के चन्द तिनके, ले चिड़ा
इधर फुदका-उधर फुदका - ले उड़ा
और गौरैया,
फुदकती रही इठलाती हुई
एक गौरैया मिली दालान में...


धूप में, फिर छाँह में-
फिर धूप में जाती हुई
क्या कहूँ? कितने न जाने-भाव दिखलाती हुई
ज़िन्दगी हर पल फुदकते हुए जी जाती हुई
द्वेष सा कुछ भी न लेकर ध्यान में
एक गौरैया मिली दालान में ...

Sunday, May 16, 2010

बिगुल

भावी भारत के कर्णधार!


प्राचीन संस्कारों पर तुम
अधुना की पहली ईंट धरो
जो सभ्य शिष्ट सब श्व: को दो,
कुत्सित सब ह्य: की भेंट करो


हर सत्य बना डालो सुंदर,
पर सभी अमंगल शिवम् हरे
सारे रत्नों को बाँटे तो,
पर गरल-पान वह स्वयम् करे


विध्वंस करो, पर याद रहे!
उससे दूना निर्माण करो
स्वर्णिम कल की बलिवेदी पर,
अर्पित तुम अपने प्राण करो


जब दर्द हृदय में उठे; नहीं-
आँखें आँसू की ओट करो
हे नवयुग के निर्माता तुम
दूनी ताकत से चोट करो


गढ़-गढ़कर प्रतिमा कल की तुम,
हो सके-आज तैयार करो
कह दो तानाशाहों से- मत
जज़्बातों का व्यापार करो


है आज रुष्ट जो मूर्ति,
तुम्हारी छेनी और हथौड़े से
कल वह महत्व पहचानेगी,
लोगों के शीश झुकाने का


जो आज बना विद्रोही है,
हर रूढ़ि और अनुशासन का-
इतिहास गवाही देता वह-
निर्माता नए ज़माने का!
-----------------------------------
चित्र : गूगल से साभार, संपादित

Friday, May 14, 2010

मद्यं शरणं गच्छामि : 'बच्चन' के बहाने

बच्चन जी की स्वयं चुनी हुई कविताओं संकलन पलट रहा था, “मेरी श्रेष्ठ कविताएँ”। अचानक एक पृष्ठ पर निगाह ठहर गयी – नीचे उद्धृत करता हूँ आपके रसास्वादन के लिए: (अंश: “बुद्ध और नाचघर” से)
जहाँ ख़ुदा की नहीं गली दाल, वहाँ बुद्ध की क्या चलती चाल?
वे थे मूर्ति के ख़िलाफ़ - इसने उन्हीं की बनाई मूर्ति,
वे थे पूजा के विरुद्ध - इसने उन्हीं को दिया पूज,
उन्हें ईश्वर में था अविश्वास - इसने उन्हीं को कह दिया भगवान,
वे आए थे फैलाने को वैराग्य, मिटाने को सिंगार-पटार - इसने उन्हीं को बना दिया श्रृंगार।
*  *  *  *  *  *  *
…सबके अंदर उन्हें डाल, तराश, खराद, निकाल
बना दिया उन्हें बाज़ार में बिकने का सामान।
*  *  *  *  *  *  *
शेर की खाल, हिरन की सींग
कला-कारीगरी के नमूनों के साथ - तुम भी हो आसीन,
लोगों की सौंदर्य-प्रियता को देते हुए तस्कीन,
इसीलिए तुमने एक की थी आस्मान – ज़मीन?
*   *   *   *   *   *   *
(अंत में – यह ज़िक्र करते हुए कि नाचघर में एक तरफ़ बड़ी सी बुद्ध की मूर्ति शोभायमान है, रंग-बिरंगे जलते-बुझते बल्बों के बीच रंगीली सज्जा में – और दूसरी तरफ़ लाइव-ऑर्केस्ट्रा के जाज़ पर जोड़े थिरकना शुरू कर चुके हैं…)
"मद्यं शरणं गच्छामि,
मांसं शरणं गच्छामि,
डांसं शरणं गच्छामि"
--------------------------------------------
इसी तरह एक अन्य पृष्ठ पर उनका फ़ुटनोट देखा -
"यह कविता और गीत – आकाशवाणी केन्द्र में इस दिन फीतांकित किए गए"
और मैं चौंका – टेप-रिकार्ड किए जाने का सार्थक सशक्त अनुवाद –“फीतांकन”! वाह!!
मैंने अब तक नहीं देखा कहीं भी यह प्रयोग।
मेरी अज्ञानता हो सकती है इसमें, मगर यही बातें तो एक सामान्य कवि को विशिष्ट बनाती हैं।
क्या ब्लॉगरी भी सप्रयास ऐसी ही समृद्धि दे नहीं रही हिन्दी को? बिना नारे लगाए भी, मुक्त और स्वच्छ्न्द यह हिन्दी आन्दोलन अब तक के सारे आन्दोलनों, सारे ***वादों और सारी धाराओं को पीछे छोड़ देगा, इसमें मुझे ज़रा भी संदेह नहीं।
और मुझे समझ में आ गया कि पुस्तक खरीदनी पड़ेगी - जबकि कविता पढ़ने को मैं अच्छी आदत नहीं समझता। वो भी ख़रीद कर–प्रवीण पाण्डेय के शब्दों में कहूँ तो - “शिव-शिव, हर-हर!”
*  *  *  *  *  *  *  *  *
मैंने पहले भी बहुत कविताएँ नहीं पढ़ी थीं उनकी, और विशेष रुझान भी नहीं था। इसी से उनका गद्य लेखन तो पढ़ा गया – बचपन में, जब समय ख़ूब रहता था मगर कविताएँ – उफ़्! कविता पढ़ना मुझे उबाऊ काम लगता था, और लगता है।कविता सुनना अच्छा लगता था, मगर कुछ ख़ास तरह की, और गेय।
बाद में प्रसाद जी की कविताएँ अच्छी लगीं, निराला की भी। पन्त और महादेवी जी की कविताओं के प्रति वैसा रुझान कभी उत्पन्न नहीं हुआ। महादेवी जी का गद्य भाता है। फिर बिहारी, गुलज़ार, रसखान जमे। फिर मैं समझ पाया कि मेरी पसन्द छोटी, उक्ति-वैचित्र्य से भरपूर और व्यंग्य या तंज़ से भरपूर रचनाओं के प्रति है। आनन्द और दिल तक पहुँचना ज़्यादा ज़रूरी है मेरी पसन्द के लिए।
काका ‘हाथरसी’ जमते थे। उनकी कविताएँ याद करनी पड़ीं, क्योंकि पाँच साल की उम्र में ही उनका रोल अदा करना पड़ा था मुझे, स्टेज पर। वहीं से स्टेज की सवारी शुरू हुई थी, जो अभी जारी है।

Monday, May 10, 2010

माँ को जादू ज़रूर आता है (मातृ-दिवस पर)

यह मातृ-दिवस पर कल लिखी गयी रचना है, इसीलिए आज ही आ सकी…
----------------------------------------------------------

माँ को जादू ज़रूर आता है!
कैसे हर बात जान जाती है
वो भूख-प्यास हो के दर्द हो के नींद लगे
पढ़ाई हो के छुप के शैतानी
किसने लड्डू निकाले डब्बे से
कौन पिल्ले उठा के लाया है
माँ को जादू ज़रूर आता है…


माँ की जब बात न मानो तो पीछे पछताओ
खेलो पानी से फिर हरारत हो
देख लें दादी तो क़यामत हो
जला के माचिसें खेलो तो हाथ जल जाए
काट ले बर्र तो बस जान ही निकल जाए
चोट पे फूँक का जादू सा असर
माँ को जादू ज़रूर आता है…


चीनी खालो तो पेट में गड़बड़
माँ नहीं करती दादी सी बड़-बड़
खाओ अमिया तो फुंसियाँ निकलें
कितनी गन्दी! कहाँ-कहाँ निकलें!
आँख में किरकिटी कि हाथ की फाँस-
माँ के छूते ही दर्द ग़ायब हो
माँ को जादू ज़रूर आता है…


माँ खिलाती है तो भर जाता है जी
बस चले तो पिला ही डाले घी
दूध पीना है सुबह एक गिलास
रात की बात रात को होगी
जब पहाड़े सुनेगी माँ हमसे
सेंकती जाएगी संग-संग रोटी
माँ के हाथों से दाल की ख़ुश्बू
माँ को जादू ज़रूर आता है…


और इक रोज़ बड़े होके सभी
माँ को समझाने लगें जाने क्या
माँ तो सब कुछ समझती है लेकिन
उनके समझाने की नासमझी पे
माँ को आता है तरस बच्चों पे
उनकी मजबूरी - दुनियादारी पे
माँ कहे या न कहे बात कोई-
माँ को जादू ज़रूर आता है.…


फिर भी माँ है के समझ जाती है
कोई हुज्जत नहीं, सवाल नहीं
किसी भी बात पर बवाल नहीं
और इक रोज़ वो भी आता है-
जब कोई दर्द बाँटने के लिए
सदा की तरह माँ नहीं रोती
क्योंकि उस रोज़ माँ नहीं होती
माँ को जादू ज़रूर आता है, माँ को जादू ज़रूर आता है……

Friday, April 30, 2010

अमलतास फूले हैं - एक ॠतु-गीत -ग्रीष्म का


अमलतास फूले हैं…
मैं रूमान या श्रृंगार-काव्य में दक्ष नहीं।
गीत मेरी विधा भी नहीं। तीन पूरे दिन लगे हैं मुझे, इस गीत को यहाँ तक ला पाने में, और उनके बीच की रातें भी।
जो बिगड़ गया हो, उसे सुधीजन क्षमा करें - श्रृंगार-गीत और रूमान दोनों असहज हैं मेरे लिए, मन बावला हो उठता है और डरता हूँ कि न जाने कब क्या बोल जाऊँ! कहाँ शिष्टता की सीमा लाँघ जाऊँ, यही संकोच असहज किए देता है।

मगर क्या करें?
अब मौसम कोई हो, मन तो प्रकृति के रंग में रंग जाता है न!

आम बौराया, महुआ चुआ, अमलतास फूल गए…
-------------------------------------------------------------------------------------------
अमलतास फूले हैं
ॠतु-चुनर सजाई है,
धरती के आँचल में धूप उतर आई है,
गुलमोहर सुहाग रचे…
अमलतास फूले हैं…

कच्ची है उम्र और मीठी सी चितवन है
संकोची नयनों में घड़ी-घड़ी दर्पन है
रूप में किशोरी के आ रही लुनाई है,
अमलतास फूले हैं…
माँग लाल-लाल किए…

गुलमोहर सुहाग रचे, माँग लाल-लाल किए
बंदनवारी अँबुआ, अमृत-रस थाल लिए
कोयल ने कूक-कूक मंगल-धुन गाई है,
अमलतास फूले हैं…


अमलतास फूले हैं





संझा से मन में कुछ रस भीगा पगता है
चन्दा भी जाने क्यों रात-रात जगता है
भीग कर पसीने में अलसी अँगड़ाई है,
अमलतास फूले हैं…




अमलतास फूले हैं
ताल-वृक्ष मदमाती पुरवा को चूमे हैं
साँसों लू चलती, मन महुआ-रस झूमे हैं
काम-ज्वर तपी वसुधा ओस में नहाई है,
अमलतास फूले हैं…
अमलतास फूले हैं - ॠतु चुनर सजाई है!

Wednesday, April 28, 2010

तिपतिया

तिपतिया यानी तीन पंक्तियों की रचनाएँ। कोई इस तरह की रचनाओं को हाइकु कहता है, (उसका अलग शिल्प है), गुलज़ार त्रिवेणी कहते हैं, तो कोई कुछ तो कोई और कुछ …
मैं 'तिपतिया' कहता हूँ, जिसे अंग्रेज़ी में 'क्लोवर' कहते हैं। बचपन में जंगली घास की तरह उगा हुआ पाते थे, पत्ती तोड़कर खा लेते थे - खट्टे से स्वाद का, अजब सी मिठास से जुड़ा, मगर आख़िरश ज़ुबाँ पे खट्टा स्वाद ही रह जाता था। तो मेरी कुछ तिपतियाँ पेश हैं आज…
BLOG tree with birds 
* ब्लॉगरी
ब्लॉग दुनिया पुराना नीम का पेड़,
ब्लॉगिये पंछी सुबह निकले थे,
शाम को दिन गँवा के लौटे हैँ।
----------------------------------------------
sunset* दिन
सुबह पानी में जगमगा के उगा
तवील राहों पे बेवजह तपा
और फिर पानियों में कूद गया
-------------------------------------
 
Poshak

* पोशाक
रेशमी ख़ाब, हक़ीक़त सूती
पसीनोँ मेँ नहाई रहती है
और बस इसलिए नहीं जलती…
----------------------------------------


  
TICA smaller
* बड़े शहर की हसीनाएँ
जिस्म छूने से कुछ गुरेज़ नहीं
दिल नहीं छूतीं,चमकदार हैं सब-
ये हसीं पुतलियाँ क्या फ़ैक्ट्रियों में बनती हैं?
--------------------------------------------










* लोग
Mumbai Marine Drive crowded
पत्थरों पे सागर की ओर पैर लटकाए-
सर झुकाए बैठे सब - साँझ ढले देर हुई
मेरे फ़्लैट जैसी क्या सब की गुम हुई चाभी?
----------------------------------------------------------------------
  * बड़ा शहर
Night Mumbai
तेज़ रफ़्तारें, चमचमाती कारें, सब रौशन-
दाम कुछ चीज़ों पे, कुछ पे नहीं-बिकाऊ सभी,
ये बड़ा शहर बड़ी सी दुकान लगता है !
-----------------------------------------------

Wednesday, April 21, 2010

और अब ये फूल

और अब ये फूल ऋतुसंहार को आए
सूर्य को सूरज - मुखी बन कर बहुत भाए

Tuesday, April 20, 2010

याद आए

याद आए!

छू लिया मन को किसी की याद ने
याद आने पर किसी का ज़ोर क्या…
भूलने पर बस नहीं चलता मगर,
भूलना वरदान बढ़ती उम्र का।

भूल जाने के लिए सौ-सौ जतन
चाहने से कब भला कुछ भूलता…
याद रख कर बेकली हो या घुटन
भूल जाना चाहती है विवशता

गीत गाने के बहाने,
या चले जाना नहाने,
देर तक सोना सुबह को, रात जगना
कभी चुप रहना, कभी बेवजह हँसना…

सुरमई रातों जली-बुझती उदासी,
रोशनी फ़ुटपाथ से चुपचाप आए,
बगल तक आकर सिरहाने पसर जाती
और निगरानी करे।

और निगरानी करे चुपचाप जैसे
माँ बदन पर शाल डाले देखती हो
कब दुलारा आँख का तारा कि प्यारा
लाल उसका नींद में ही गिर न जाए…

और तिस पर यह उलहना …
और तिस पर यह उलहना
है कि कोई उसी माँ की
निगहबानी की वजह से
सो न पाए!
रोशनी चुपचाप फिर आए सड़क से…

नींद में तकिया गिरा या हटी चादर,
गई बिजली और टूटे पड़े मच्छर
नींद ऐसी…
नींद ऐसी कौन जगता था जगाए!

अब असुविधा से बचाने
के लिए हैं कई साधन
हों भले सामर्थ्य में, उपलब्ध भी, पर,
मुद्दतें गुज़रीं सुखों की नींद आए।

अर्थ की महिमा चतुर्दिक, शब्द फैले जाल जैसे
लालची हैं, फँस रही हैं, मछलियों सी भावनाएँ
नहीं हो यदि 'अर्थ' तो संघर्ष जीवन,
किन्तु यदि बस 'अर्थ' हो तो व्यर्थ हैं संवेदनाएँ।

लाल उसका नींद में ही गिर न जाए…
निगहबानी की वजह से सो न पाए!
रोशनी फ़ुटपाथ से चुपचाप आए!
नींद ऐसी कौन जगता था जगाए!
मुद्दतें गुज़रीं सुखों की नींद आए।
प्यार से लोरी सुनाए - माँ सुलाए!
'अर्थ' हो तो व्यर्थ हैं संवेदनाएँ

और अब यह हाल देखो…
याद भी आता नहीं दिन गए कितने-
भूल कर भी जो किसी की याद आए!

Wednesday, April 14, 2010

नज़्मो-ग़ज़ल कहने का आसान तरीक़ा

सबसे पहले दर्द मेँ डूबे कुछ अल्फ़ाज़ चुनो,
फिर उन्हेँ ग़म की हरारत पे देर तक सेँको;
अनमने से रहो, रातें गुज़ारो आँखोँ मेँ,
करवटेँ यूँ लो के नीँद आए भी तो सो न सको।
उदास दिल, ज़ुबाँ गुमसुम मगर मुस्काते होँ लब,
नज़र मेँ ख़्वाब होँ ऐसे जो पूरे हो न सकेँ;
ये सलीका है क़ामयाब नज़्म कहने का।
बात आगे बढ़े, बढ़कर जुनूँ-फ़ितूर बने,
वक़्त समझो के आ रहा है ग़ज़ल कहने का।
दीवानापन अगर इतना बढ़े - सब तंज़ कसेँ,
यही अस्बाबो-हुनर है न ग़ज़ल कहने का...

Saturday, April 3, 2010

………और कल (आधुनिक कविता में एक शब्द-चित्र)

कल:
धरती: शस्य-श्यामला
वन में उपवन से -
धरती के सीने पर यत्र-तत्र बिखरे गाँव;
जहाँ माटी के पुजारी - माटी के पुतले, माटी के मंदिर में-
मूरत से नहीं, पुजारी से रहते हुए;
जिनके ख़्वाब मटियाली धरती से ऊँचे - बहुत ऊँचे,
सुनहली धूप से खिले और नीले आसमान से बहते हुए…


माटी का ही चूल्हा - बना हुआ घर में
उसके क़रीब गृहणी,
फूलों पर इठलाती तितलियों के पीछे भागते नौनिहाल,
खेतों में पसीना बो-कर मोती उगाता हलवाहा,
आते-जाते पगडण्डियाँ और गलियारे, बैल और बैलगाड़ी…
* * * * * * * * *


आज: 
धरती: उर्वरा
विस्तृत नगर, गगन-चुम्बी अट्टालिकाएँ
मकानों में रहते हम।
फ़ुटपाथ पर कटोरे और कंकाल - कितने सुखी हम!
किसी फ़्लैट में ब्रेड-एन-बटर से क्षुधा की शान्ति;
वीडियो गेम्स खेलते बच्चे : माँ और जननी की समानता को नकारते बच्चे;
सड़कों का जाल-
नभ - जल - थल में दौड़ती मशीनें;
मशीनों पर सवार,
अपने को मालिक बताता मनु का लाडला-
जिसके ख़्वाब -
आसमानों के नीले और धूप के सुनहले रंगों से आगे - बहुत आगे…
अन्तरिक्ष में
किसी अँधियारे कोने की कालिमा सहते हुए।
* * * * * *


…और कल:
धरती: कहाँ है?
इमारतें और सिर्फ़ इमारतें,
ताकि किसी हम जैसे पिछ्ड़े ग्रह के,
तथाकथित सभ्यता और विकास की ओर उन्मुख वासी-
प्रगति-गति को जान लें,
यह प्रयोग किए बिना ही परिणाम को पहचान लें;
कि प्रगति की अति
की क्या है नियति;
फिर भी काश-
काश हम थम सकते!
पल भर को सहम सकते!
क्योंकि सभ्यताओं में-
हम हो सकता है प्रथम हों-
संभवत: अंतिम भी हम हों!
----------------------------------
यह रचना 1979 सितम्बर की, बचपने की है, जब मैं कविता से ज़ोर आजमाइश किया करता था । इस तरह की कविता का साथ छूटे ज़माना गुज़र गया। बचकानी चीज़ें भी ख़ुद को अच्छी लगती हैं, सो आज पुरानी डायरी मिलने पर इसे ले आया…

Wednesday, March 31, 2010

प्रश्न : एक अपठनीय कविता


प्रश्न कितने हैं न जाने, एक भी उत्तर नहीं
यक्ष आतुर प्रतीक्षारत, वह स्वयम् प्रस्तर नहीं 
प्रश्न करने या न करने से भला क्या प्रयोजन
परस्पर भाषा-कलह में एक भी अ-“क्षर” नहीं

जूझती बैसाखियों पर मौत लादे प्रश्नहीन
मूर्त्त जीवट स्वयं, निस्पृह लोग ये कायर नहीं

प्रश्न-उत्तर, लाभ की संभावनाओं से परे
अर्थवेत्ता-प्रबन्धक कोई अत: तत्पर नहीं

सब सहज स्वीकारने का मार्ग सर्वोत्तम सही
साधना-पथ पर “सहज” से अधिक कुछ दुष्कर नहीं
अन्यत्र "यक्ष-प्रश्न" पर यह कविता फ़ॉर्मैट कर के छापी, यहाँ ऐसे ही। प्रयोग जारी है।

Sunday, March 7, 2010

वसंती हो गए

मैंने प्रयोग बड़ा आसान सा किया है - सिर्फ़ यह किया है कि जो ब्लॉग पर डालना था उसको सीधे जेपीईजी इमेज के फ़ॉर्मैट में परिवर्तित करके छाप दिया है। पोस्टरस पर तो यह सफल रहेगा ही। अब देखने यह जा रहा हूँ कि अन्य ब्लॉग-सेवा-प्रदाताओं ने क्या किया मेरी इस हरकत के जवाब में।

वसंती हो गए : बौराए मौसम में एक प्रयोग

वसंती हो गए : बौराए मौसम में एक प्रयोग-भाग 2

वसंती हो गए : बौराए मौसम में एक प्रयोग-भाग 3

वसंती हो गए : बौराए मौसम में एक प्रयोग-भाग4

वसंती हो गए : बौराए मौसम का एक प्रयोग