साथी

Tuesday, May 18, 2010

कीड़े काटने से सावधान

यह व्यंग्य नहीं है, और अगर पढ़ें तो पूरा पढ़े बिना निष्कर्ष न निकालें, कृपया।
----------------------------------------------------------------------------------------------------
कीड़े काटने के चिह्न
आपने देखा कि नहीं पता नहीं, आजकल कीड़े बहुत काटने लगे हैं। अधिकतर किशोर-युवा पीढ़ी को ज़्यादा काट रहे हैं कीड़े।
महानगरों में, पूर्वोत्तर प्रान्त में, विभिन्न उच्चवर्ग (धन-आधारित) के प्रश्रय प्राप्त हलकों में, कॉलेजों में ख़ासकर, जहाँ डोनेशन आधारित प्रवेश-व्यवस्था लागू हो वहाँ भी। अमूमन ऐसा समझा जाता है कि अच्छे और महँगे इंस्टीट्यूट्स में पर्यावरण भी बेहतर होगा और आए दिन कीड़े-मकोड़े बच्चों-युवाओं को काट लें, यह तो न हो।
सुई लगाने के चिह्न
पूर्वोत्तर और कोलकाता के क्षेत्रों में बात समझ आती है, उस इलाक़े में कीट-पतंग अधिक होते हैं गर्म और नम जलवायु के कारण। चैन्नै-मुम्बई में भी यह बहाना चल सकता है।
मगर बेंगलूरु, हैदराबाद, मनिपाल, चण्डीगढ़, दिल्ली, आगरा, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, गोरखपुर… हर जगह कीड़े काट रहे हैं और ये ज़्यादातर हाथ पर ही काटते हैं। काला-काला सा निशान पड़ जाता है हाथों पर इनके काटने के बाद। कभी-कभी किसी-किसी को कई बार काट लेते हैं - तो कई निशान पड़ जाते हैं। कभी-कभी कमर या कन्धे पर भी काट ले रहे हैं। 
सुई लेने के पहले बाँह कसना
अभी बरसात का मौसम नहीं, ऐसे में और अब से पहले के मौसम में कीड़ों का इतना काटना कुछ अजीब नहीं है?
सरकार को माहौल में सुधार लाने के लिए कुछ करना होगा। मगर आप भी कुछ कीजिए, देखिए कहीं आप के आस-पास तो किसी को कीड़े बार-बार नहीं काट रहे। आप किसी का जीवन बचा सकते हैं ऐसा करके।
ठीक ऐसे ही निशान पड़ते हैं उन हाथों पर भी जिन पर ड्रग्स/नशे का इंजेक्शन लिया जाता है, और बार-बार लिया जाता है। बहुत बार हाथों पर, कन्धे पर या अन्य शरीर पर जो टैटू बना होता है, उसमें इंजेक्शन लिए जाने पर निशान नज़र नहीं आता। इसलिए भी एकाएक टैटू चलन में आया है।
टैटू-बिच्छू
मुझे तो पता नहीं था अब तक, मगर ऐसी चौंकाने वाली बातें पता चलते ही मैंने इसी लिए साझा करना चाहा कि शायद किसी एक को भी ज़्यादा नुकसान से बचा सके कोई, तो यह प्रयास सफल हो जाएगा।
हाथ में नशे की सुई
दूसरे यह भी ध्यान देने की बात है कि अगर आप के सेवक, ड्राइवर या आस-पास के दुकानदार, वीडिओ-डीवीडी पार्लर वाले, या ऐसे ही अन्य किसी के हाथों पर कीड़े काटने का निशान अक्सर और लगातार ज़्यादा दिन तक दिखे तो उस पर नज़र रखने व सावधान रहने की ज़रूरत हो सकती है, अपनी सुरक्षा के लिए। नशे का आदी किसी भी अपराध में संलिप्त होने के लिए मजबूर हो सकता है, कई कारणों से।
पाँव में नशे की सुई
विश्व स्तर पर इस सम्बन्ध में अब तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार भारत में नशाख़ोरी की प्रवृत्ति भी और एच आई वी संक्रमण भी ग़रीबों-झोंपड़पट्टियों में ज़्यादा है। मुझे लगता है कि यह आँकड़े संख्या-जनित होंगे, प्रतिशत-जनित नहीं।
ऐसे लोग, ज़्यादातर एड्स के ख़तरे की ज़द में भी होते हैं क्योंकि इंजेक्शन का प्रयोग लापरवाही से या अदला-बदली से भी हो सकता है।
ये कोई सनसनी फैलाने के लिए नहीं है। हो सकता है कीड़े वाकई काट रहे हों कहीं-किसी को, मगर सावधान रहने में हर्ज है क्या?

हेरोइन पाउडर और सुई


चित्र और कुछ महत्वपूर्ण जानकारी यहाँ मिल सकती है-
http://www.navajocountydrugproject.com/meth_info.php
http://illegaleconomy.com/drugs/global-spread-of-injecting-drug-use.php
www3.endingsuicide.com/?id=1509:15145
http://www.bbc.co.uk/suffolk/content/image_galleries/drug_awareness_2007_gallery.shtml?6

Monday, May 17, 2010

लिखने की ठेलुअई

लिखने के कई कारण होते हैं। डायरी लिखना उनमें से सिर्फ़ एक है। ठेलुअई दूसरा है। man-sitting-clip-art-silhouetteसोचना तीसरा। सोचने की ठेलुअई… अब सब हमीं गिनाएँ क्या?
जो लोग डायरी लिखते हैं, वो उसे गोपनीय रखते हैं। तभी ईमानदार रह सकते हैं, लेखन में। जीवन में सब कुछ पारदर्शी नहीं होता। न होना चाहिए। ऐसा सबके साथ है, फिर भी लोग चाहते हैं कि दूसरे सब सच और यथार्थ तो लिखें ही, कुछ छुपाएँ भी नहीं।
जो हम ख़ुद नहीं करना चाहते, मगर दूसरों से उसकी अपेक्षा करते हैं, वह है "आदर्श"। "आदर्श" चूँकि आदर्श है, अत: वह यथार्थ से परे होगा ही। बहकी हुई बौद्धिकता से उपजा अहंकार ही व्यक्ति को उस आदर्श स्थिति को प्राप्त करने को उकसाता है, जो सैद्धान्तिक रूप से जीवनकाल में कभी संभव नहीं।

मगर इसी “आदर्श” स्थिति को प्राप्त करने को सिद्धान्त गढ़ता-बटोरता है व्यक्ति। बीमारी बढ़ जाय तो अपने "नए सिद्धान्त" की होमियोपैथी या कपाल-भाति शुरू कर देता है।
ऐसे सिद्धान्त का फ़ायदा ही क्या - जिस पर आप चल रहे हों, और दूसरे न जानें? तो दूसरों को जताना - कि बड़ा "सिद्धान्तवादी" व्यक्ति है, यह इच्छा नैसर्गिक परिणति है इस अवपथित बुद्धि और अहंकार-जनित सिद्धान्त-उन्मुख जीवन की।
यह बात कि कुछ ऐसा जो सामान्य-जन को अलभ्य है, उसके लिए हम प्रयास-रत हैं। इसी के प्रचार में उत्कण्ठा होती है कि लोग जानें सिद्धान्तवादिता हमारी। (जैसे गाँव-जवार में चर्चित होना-कि "आईएएस के इम्तहान में बैठ रहा है फलाने का लड़का। फारम भर दिया है" - बहुधा इतने पर तो शादी तय हो जाती है।)
ऐसे प्रयास की भी उन्मुक्त प्रशंसा होती है, और प्रशंसा बड़ी कमज़ोरी है मनुष्य की। ठीक निन्दा की तरह।

प्रशंसा की इच्छा वास्तव में एक मनोवैज्ञानिक सम्बल (ठीक से पढ़े – कम्बल नहीं) की भीख है कि अनुमोदन करो हमारे कृत्यों का, आचरण का। बचपन की अधूरी इच्छाओं का प्रेत है यह प्रशंसा पाने की इच्छा-बैताल सरीखा। इच्छा तो शरीर छूटने पर भी नहीं छूटती। (टिप्पणी पाने की इच्छा भी टॉफ़ी पाने की इच्छा का ही बुढ़ाता बचपना है।)
निन्दा भी प्रशंसा का ही अवतार है। निन्दा एक अवसर है-प्रशंसा पाने का-जो दूसरे के पैरों के नीचे से खींच लिया हमने - भले ही सफल हों या नहीं - प्रयास तो किया।
बड़े-बड़े लोग अत्यन्त निष्काम भाव से निन्दा करते हैं। फल मिले चाहे न मिले, हमने अपना कर्म कर दिया। बड़ा संतोष मिलता होगा निन्दा में, अपना धर्म निभा कर। कुछ-कुछ वैसा ही जैसा दूसरे का घर या पूजास्थल जला कर मिलता है। बगल वाले की दुकान ज़्यादा चल रही है, कसमसा रहे हैं। मौका मिला-दंगा बरेली में हुआ, दुकान रायबरेली में फूँक दी उसकी। फूँकने के पहले अगर लूट नहीं भी पाए, तो तोड़फोड़ तो करनी ही है।
Danda Guru मास्टर साहब ने टिल्लन को मारा, होमवर्क न कर पाने पर। अगले दिन मास्टर साहब के घर के सामने, सड़क के दोनों तरफ़ दिवालों पर कोयले से टिल्लन को लिख देना है कुछ। अब कुछ अच्छा तो नहीं ही लिखेंगे टिल्लन।
अब जैसे हम लिख रहे हैं। लिख रहे हैं अपनी सनक, मगर किसी ने अगर पढ़ लिया तो बढ़िया। कुछ बोला तो और बढ़िया। टिप्पणी कर दी तो अति उत्तम। अगर तारीफ़ कर दी, तो क्या बात है! छा गए गुरु! मगर टिप्पणी के ऐसे निरर्थक गंभीरता से पगे उत्तर देंगे, जैसे हमने लिखा तो सिर्फ़ अपने लिए था, आपने पढ़ लिया तो पढ़वा कर हमने अहसान किया, और आपकी इस ताक-झाँक को माफ़ किया। अरे अगर अपने लिए ही लिखा था, तो ब्लॉग पर क्यों लाए?
लोग टिप्पणी अगर देंगे, तो वह भी अहसान के भाव से: कि "जाओ टिप्पणी दी-तुम भी क्या याद करोगे!…”

“ऐं…! क्या याद करोगे? अबे याद रखना-और हमारे उधर भी आना टिपियाने। जैसा भी हमने उधर लिखा है, तुमने कौन सा अच्छा लिखा है? अगर तुम्हारे ब्लॉग पर देखा जाय तो तुम्हारे लिखे से अच्छी तो टिप्पणी दी है हमने।"
इसी तरह के पारस्परिक अहसान से दुनिया चलती है, चाहे वह भौतिक हो या ऐन्द्रजालिक। हमारे रेलवे पर वर्क-रूपी (कामरूपी नहीं) अहसान से रेल का काम चल रहा है और रेल के हम पर तनख़्वाह-रूपी अहसान से हमारा घर। इसी अहसान के आदान-प्रदान से देश में यातायात और देश की प्रगति चल रही है।
Clipart Thinkerयानी इच्छा और अहसान के बिना न व्यक्तिगत जीवन जिया जा सकता है, न सामाजिक। यही आदर्श सिद्धान्त है।
(हम भी तो बूँक लें!)
अगर लम्बा लिखा जाय और आपकी टाइपिंग गति धीमी हो, या बीच में व्यवधान आते रहें-फ़ोन कॉल, पत्नी, आवश्यक कार्य या फिर सू-सू ही आ जाय, तो विचार-गति की दुर्गति हो जाती है क्योंकि मूड बदल जाता है। और मूड बदले तो अपनी बेवकूफ़ियाँ और तीव्रता से समझ में आने लगती हैं। इसीलिए एक ब्लॉगिये को अपनी पोस्ट जल्दी से ठेल कर किनारे हो लेना चाहिए, ताकि कहीं अपनी बेवक़ूफ़ी को पहचान कर - अवसाद से बचने के लिए वह डिलीट ही न कर दे अपनी लिखाई।
बचना ऐ ……… लो मई आ गया … अरे भाई! मई भी तो अब आधा चला गयाऽऽऽऽ

Sunday, May 16, 2010

बिगुल

भावी भारत के कर्णधार!


प्राचीन संस्कारों पर तुम
अधुना की पहली ईंट धरो
जो सभ्य शिष्ट सब श्व: को दो,
कुत्सित सब ह्य: की भेंट करो


हर सत्य बना डालो सुंदर,
पर सभी अमंगल शिवम् हरे
सारे रत्नों को बाँटे तो,
पर गरल-पान वह स्वयम् करे


विध्वंस करो, पर याद रहे!
उससे दूना निर्माण करो
स्वर्णिम कल की बलिवेदी पर,
अर्पित तुम अपने प्राण करो


जब दर्द हृदय में उठे; नहीं-
आँखें आँसू की ओट करो
हे नवयुग के निर्माता तुम
दूनी ताकत से चोट करो


गढ़-गढ़कर प्रतिमा कल की तुम,
हो सके-आज तैयार करो
कह दो तानाशाहों से- मत
जज़्बातों का व्यापार करो


है आज रुष्ट जो मूर्ति,
तुम्हारी छेनी और हथौड़े से
कल वह महत्व पहचानेगी,
लोगों के शीश झुकाने का


जो आज बना विद्रोही है,
हर रूढ़ि और अनुशासन का-
इतिहास गवाही देता वह-
निर्माता नए ज़माने का!
-----------------------------------
चित्र : गूगल से साभार, संपादित

Saturday, May 15, 2010

ब्लॉगरी में महानता के मानक : संदर्भ समसामयिक प्रश्न

हाल में महानता के मानक चर्चित रहे। अब अगली कड़ी में जैसे ही ब्लागरी में महानता के मानक तय करने की बात आई, लोग मूल प्रश्न से भटके हुए लगते हैं। यहाँ तक कि प्रश्न स्वयम् भी।
ज्ञानदत्त जी की मानसिक हलचल में प्रश्न उठा कि कौन बड़ा ब्लॉगर, और शुरू हो गए पत्थर चलने, सिर-फुटव्वल।
मैं अभी तक यही सोच रहा था कि “बड़ा” तय करने के आधार कोई बताएगा, तब खेल शुरू होगा। बिना नियम बताए तो कोई मैच नहीं हो्ता, न कोई शास्त्रार्थ्। और अपनी पसंद के आधार पर ही अगर तय करना हो तो फिर तो यह निजी मामला हो गया। यदि मतदान करना हो, तो चुनाव घोषणापत्र चाहिए, और फिर उस पर उम्मीदवारों की चर्चा।
अक्सर तो यही होता है, पर यहाँ कोई समिति भी नहीं बनी है जो सर्व-सम्मति से ऐसे नियम तय कर दे। कमाल यह है कि इण्टरनेट चल रहा है, खुले में, मगर हिन्दी-ब्लॉग-जगत में मूल्यांकन क्या केवल व्यक्तिगत सुविधा के आधार पर होगा?
मेरे अपने सुझाव हैं, जिनके तहत मुझे लगता है कि ब्लॉग या ब्लॉगर का क़द नापने की कोशिश में जो बातें महत्वपूर्ण रहेंगी, उनमें से कुछ बिन्दु हैं -
Rose-Petals-redz 1) ब्लॉग पर कुल हिट्स
2) ब्लॉग पर कुल टिप्पणियाँ
3) ब्लॉग की उपयोगिता
4) ब्लॉगर की सामाजिकता और व्यावहारिकता (वैसे यह न भी हो तो भी लोग अंत में अपने पसंदीदा ब्लॉगर को ऊँची रैंकिंग देंगे ही)
5) ब्लॉग की कुल संख्या और वर्गीकरण – जैसे कोई कविता, कहानी, चर्चा, लेख और तकनीकी सहायता आदि में से किस-किस कोटि में सक्रिय है। अब एक दर्शन-फ़लसफ़े पर बने ब्लॉग की तुलना चुटकुलों के ब्लॉग से करना तो असंगत ही होगा न?
6) ब्लॉग-सामग्री की गुणवत्ता – यह कोटि के अनुरूप ब्लॉग पाठकों द्वारा ही 1 से 10 के पैमाने पर अंकित की जानी हो।
7) ब्लॉग का अद्यतन किया जाना – दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक, मासिक, त्रैमासिक या अनियमित
8) ब्लॉग पर सबके लिए उपयोगी सामग्री जो कॉपीराइट उल्लंघन से परे, नि:शुल्क डाउनलोड हो सकती हो या चि्त्र, विजेट, टेम्प्लेट आदि जो अन्यत्र प्रयुक्त हो सकें।
यह बाध्यता भी हो कि मूल्यांकन के लिए मत उसी ब्लॉग-पाठक का गिना जाय जो मूल्यांकन अवधि में कम से कम पाँच बार, या प्रति पोस्ट एक बार, या प्रतिमाह कम से कम तीन बार (या ऐसी ही कोई सर्वसम्मत संख्या) तक कम से कम उस ब्लॉग पर जा कर टिप्पणी कर आया हो। बिना पढ़े या टिपेरे कैसा मत?
जो भी हो, अगर खेल होना है, तो नियम तय किए जाएँ, शुरू करने के पहले।
अब मेरे प्रश्न स्वयं से ही हैं कि-
1) क्या ब्लॉगरी स्वान्त: सु्खाय ही नहीं होनी चाहिए?
2) ज़्यादातर लोग जो ब्लॉगरी में लगे हैं, क्या वे अपनी किन्हीं महानता की अधूरी रह गयी इच्छाओं की पूर्ति के लिए आए हैं, या बस अच्छा लगता है इसलिए? प्रोफ़ेशनल ब्लॉगर को यकीनन शौकिया ब्लॉगर से अलग देखना होगा।
3) क्या विभिन्न रैंकिंग्स जो दी जा रही हैं, तरह-तरह की सेवाओं द्वारा, वे ब्लॉगरों के अहम् की मानसिक तुष्टि के लिए पर्याप्त नहीं हैं?
शायद कुछ अन्तराल पश्चात् मैं अपनी राय स्थिर कर सकूँगा, और तब उत्तर भी ढूँढ लूँगा।
और अन्त में, अपनी व्यक्तिगत राय, जितनी स्थिर है, उसे भी व्यक्त कर दूँ।
मैं समझता हूँ कि मेरे लिए अच्छा पढ़ लेना ही पर्याप्त नहीं है, जिसके लिए अच्छे से अच्छे रचनाकारों की अच्छी से अच्छी कृतियों से बाज़ार, पुस्तकालय पटे पड़े हैं, उन्हें पढ़ने के लिए पूरा जीवन कम है और यहाँ तक कि नेट पर भी रुचि के अनुरूप सामग्री उपलब्ध है, नि:शुल्क भी। ऐसे में मुझे कोई मुग़ालता नहीं अपने लेखन को लेकर, न दूसरों के।
Rose_Petalsमेरे लिए ब्लॉगरी में ज़्यादा महत्व की बात है आपसी सम्वाद, अन्तर्कथन और अन्तर्संवाद जो जान है इस नेटीय सामाजिक संरचना की। मेरे लिए दोस्ती और भावनात्मक संबल ज़्यादा बड़ी बात है।
इसी से मैं ब्लॉग पर हूँ, वर्ना किसी के ब्लॉग पर जा कर पढ़ने के बाद टिप्पणी देने की क्या ज़रूरत? क्या मेरे प्रतिक्रिया न देने से लेखन की गुणवत्ता घट जाएगी? नहीं, मगर देने से बढ़ सकती है, सुधार हो सकता है। इसी से जो चटते हैं मेरे साथ चैट पर, वे मेरे दिल के ज़्यादा करीब आ चुके हैं, और उनकी कमियाँ अगर कोई हों तो उनसे मुझे फ़र्क नहीं पड़ता उनकी अच्छाइयों के आगे।
मेरे लिए शुरुआती दौर में भी ऐसा था, और बाद में भी, जो महत्व आपसी संवाद का है, हौसला बढ़ाने वालों का है, वह गुणवत्तापरक लेखन का न है, न हो सकता है। कौन से अध्यापक अच्छे लगते थे – जो स्वयं बहुत उच्च योग्यताधारक थे? या जिन्होंने अपनी कमियों को जीतना सिखाया? या जिन्होंने ख़ुद से ज़्यादा ऊँचाई तक पहुँचाने के लिए अपने शिष्य में उच्चतर योग्यता पैदा की? और उन अध्यापकों से पहले क्या वह माँ, बहन, बड़े भाई, चाचा याद नहीं जो आपकी ग़लती होने पर भी साथ ही खड़े हुए?
आदर्श कुछ भी हों, जो मेरा साथ दे, हर परिस्थिति में - मेरा अपनत्व भी उसी के साथ है, और इस संशयविहीन सोच पर मैं ख़ुश हूँ।
सबकी अपनी-अपनी सोच है, मगर मेरी सोच तो यही है कि -
प्यार तो करते हैं दुनिया में सभी लोग, मगर;
प्यार जतलाने का अंदाज़ जुदा होता है
कोई भी ठोकरें खा जाय तो गिर सकता है,
झुक के जो उसको उठा ले – वो ख़ुदा होता है
ब्लॉगरी की मान्यताएँ और उसूल वास्तविक जीवन से अलग नहीं हो सकते। मुझे यह स्वीकारना पड़ता है कि यदि मेरे अपनों की व्यक्तिगत उपलब्धियाँ कुछ कम भी हों तो भी मैं उन्हीं के साथ रहूँगा, व्यक्तिगत उत्कृष्टता का मोल पारस्परिक सहभागिता में उत्कृष्टता के आगे कम है मेरे लिए।
----------------------------------------------------------------
(काव्यपंक्तियों के रचयिता:अज्ञात; सभी चित्र गूगल से साभार)

Friday, May 14, 2010

मद्यं शरणं गच्छामि : 'बच्चन' के बहाने

बच्चन जी की स्वयं चुनी हुई कविताओं संकलन पलट रहा था, “मेरी श्रेष्ठ कविताएँ”। अचानक एक पृष्ठ पर निगाह ठहर गयी – नीचे उद्धृत करता हूँ आपके रसास्वादन के लिए: (अंश: “बुद्ध और नाचघर” से)
जहाँ ख़ुदा की नहीं गली दाल, वहाँ बुद्ध की क्या चलती चाल?
वे थे मूर्ति के ख़िलाफ़ - इसने उन्हीं की बनाई मूर्ति,
वे थे पूजा के विरुद्ध - इसने उन्हीं को दिया पूज,
उन्हें ईश्वर में था अविश्वास - इसने उन्हीं को कह दिया भगवान,
वे आए थे फैलाने को वैराग्य, मिटाने को सिंगार-पटार - इसने उन्हीं को बना दिया श्रृंगार।
*  *  *  *  *  *  *
…सबके अंदर उन्हें डाल, तराश, खराद, निकाल
बना दिया उन्हें बाज़ार में बिकने का सामान।
*  *  *  *  *  *  *
शेर की खाल, हिरन की सींग
कला-कारीगरी के नमूनों के साथ - तुम भी हो आसीन,
लोगों की सौंदर्य-प्रियता को देते हुए तस्कीन,
इसीलिए तुमने एक की थी आस्मान – ज़मीन?
*   *   *   *   *   *   *
(अंत में – यह ज़िक्र करते हुए कि नाचघर में एक तरफ़ बड़ी सी बुद्ध की मूर्ति शोभायमान है, रंग-बिरंगे जलते-बुझते बल्बों के बीच रंगीली सज्जा में – और दूसरी तरफ़ लाइव-ऑर्केस्ट्रा के जाज़ पर जोड़े थिरकना शुरू कर चुके हैं…)
"मद्यं शरणं गच्छामि,
मांसं शरणं गच्छामि,
डांसं शरणं गच्छामि"
--------------------------------------------
इसी तरह एक अन्य पृष्ठ पर उनका फ़ुटनोट देखा -
"यह कविता और गीत – आकाशवाणी केन्द्र में इस दिन फीतांकित किए गए"
और मैं चौंका – टेप-रिकार्ड किए जाने का सार्थक सशक्त अनुवाद –“फीतांकन”! वाह!!
मैंने अब तक नहीं देखा कहीं भी यह प्रयोग।
मेरी अज्ञानता हो सकती है इसमें, मगर यही बातें तो एक सामान्य कवि को विशिष्ट बनाती हैं।
क्या ब्लॉगरी भी सप्रयास ऐसी ही समृद्धि दे नहीं रही हिन्दी को? बिना नारे लगाए भी, मुक्त और स्वच्छ्न्द यह हिन्दी आन्दोलन अब तक के सारे आन्दोलनों, सारे ***वादों और सारी धाराओं को पीछे छोड़ देगा, इसमें मुझे ज़रा भी संदेह नहीं।
और मुझे समझ में आ गया कि पुस्तक खरीदनी पड़ेगी - जबकि कविता पढ़ने को मैं अच्छी आदत नहीं समझता। वो भी ख़रीद कर–प्रवीण पाण्डेय के शब्दों में कहूँ तो - “शिव-शिव, हर-हर!”
*  *  *  *  *  *  *  *  *
मैंने पहले भी बहुत कविताएँ नहीं पढ़ी थीं उनकी, और विशेष रुझान भी नहीं था। इसी से उनका गद्य लेखन तो पढ़ा गया – बचपन में, जब समय ख़ूब रहता था मगर कविताएँ – उफ़्! कविता पढ़ना मुझे उबाऊ काम लगता था, और लगता है।कविता सुनना अच्छा लगता था, मगर कुछ ख़ास तरह की, और गेय।
बाद में प्रसाद जी की कविताएँ अच्छी लगीं, निराला की भी। पन्त और महादेवी जी की कविताओं के प्रति वैसा रुझान कभी उत्पन्न नहीं हुआ। महादेवी जी का गद्य भाता है। फिर बिहारी, गुलज़ार, रसखान जमे। फिर मैं समझ पाया कि मेरी पसन्द छोटी, उक्ति-वैचित्र्य से भरपूर और व्यंग्य या तंज़ से भरपूर रचनाओं के प्रति है। आनन्द और दिल तक पहुँचना ज़्यादा ज़रूरी है मेरी पसन्द के लिए।
काका ‘हाथरसी’ जमते थे। उनकी कविताएँ याद करनी पड़ीं, क्योंकि पाँच साल की उम्र में ही उनका रोल अदा करना पड़ा था मुझे, स्टेज पर। वहीं से स्टेज की सवारी शुरू हुई थी, जो अभी जारी है।

Thursday, May 13, 2010

अभिव्यक्ति-2

अभिव्यक्ति को अगर अभि-व्यक्ति लिखा जाए तो इसका अर्थ भिन्न हो जाएगा। ये अलग बात है कि प्रचलन में न होने से वह दूसरा अर्थ न लेकर लोग रूढ़ार्थ से ही काम चला लेंगे। अभि=सीधा, व्यक्ति=आदमी यानी "-" से जुड़ा होने पर यह भाव-वाचक संज्ञा से विशेषण में बदल जाएगा क्या? तकनीकी दृष्टि से - "हाँ"।
रूढ़ार्थ का कमाल देखिए - अक्सर ब्लॉग पर टिप्पणीकर्ता, जो तेज़ी में रहते हैं, कई जगह और भी जाना है उन्हें; "उम्दा" "अति सुन्दर" "नाइस" "ग़ज़ब!" से काम चला लेते हैं।
अब 'ग़ज़ब' का अर्थ देखिए - इसका अर्थ हर कोश में दैवी आपदा, क्रोध, कोप, रोष, ग़ुस्सा, आपत्ति, आफ़त, अंधेर, विपत्ति, ज़ुल्म वगैरह मिलेगा। विशेषण के अर्थ में प्रयुक्त होने पर इसका प्राथमिक अर्थ होता है -"बहुत" या "बहुत अधिक" और द्वितीयक अर्थ होता है -"विलक्षण"। मगर इसका रूढ़ार्थ क्या है? "विलक्षण" या "विस्मयकारी" या "चमत्कारी" और आप कितना भी ढूँढें, इस अर्थ के अलावा इस शब्द का प्रयोग लगभग नगण्य मिलता है।
ऐसा ही बहुत से अन्य भाषाई शब्दों को जब कोई भाषा अंगीकार करती है, तो एक ख़ास रूढ़ार्थ को ध्यान में रखकर। फिर उस भाषा में उस शब्द का वही एक अर्थ हो जाता है। जैसे 'स्कूल' का हिन्दी में एक ही अर्थ है - विद्यालय।
'स्विच' का भी हिन्दी में एक ही अर्थ है, और भी कई शब्द हैं ऐसे।
कई बार ऐसा भी होता है कि शब्द एक भाषा से दूसरी में गया और उसके साथ एक ऐसा अर्थ जुड़ गया जो उस शब्द का मौलिक अर्थ कहीं से था ही नहीं, पर अब नई भाषा में उस शब्द का वही अर्थ हो गया। जैसे 'धारीदार' कपड़ा ख़रीदते समय उसे "लाइनिंग"दार कहा जाना, निहायत ग़लत मगर स्वीकृति की हद तक प्रचलित प्रयोग है। "लाइनिंग" का अर्थ अस्तर होता या फिर तनिक उच्चारण भेद से "आकाशीय बिजली", तो संभाव्य था। मगर नहीं, हम तो धारीदार के लिए ही इस्तेमाल करेंगे।
"बियरिंग" जब हिन्दी में आया तो बहुत समय तक इसका एक ही अर्थ था जो विशेषण "बियरिंग" का अर्थ था और उसे हम "बैरंग" कहते और पत्रों से जोड़ते थे जिनका पूरा डाक-ख़र्च प्रेषक द्वारा अदा न किया गया हो। अब डाकसेवा की लोकप्रियता और सेवा - दोनों के अभूतपूर्व ह्रास के कारण यह अर्थ खो गया है। इस बीच ही आटोमोबाइल व अन्य मशीनों, पंखा, ट्रैक्टर आदि की उपलब्धता बढ़ी और दाम भी अधिक लोगों की पहुँच में आ गए - तो "बियरिंग" के संज्ञा रूप से लोग परिचित हुए और अब रूढ़ार्थ यही है। ऐसा ही 'ट्रैक्टर' और 'ग्लास' के साथ भी है और इनके तो रूढ़ार्थ ही प्रचलन में हैं, मूल अंग्रेज़ी में भी।