साथी

Showing posts with label चित्र. Show all posts
Showing posts with label चित्र. Show all posts

Wednesday, April 28, 2010

तिपतिया

तिपतिया यानी तीन पंक्तियों की रचनाएँ। कोई इस तरह की रचनाओं को हाइकु कहता है, (उसका अलग शिल्प है), गुलज़ार त्रिवेणी कहते हैं, तो कोई कुछ तो कोई और कुछ …
मैं 'तिपतिया' कहता हूँ, जिसे अंग्रेज़ी में 'क्लोवर' कहते हैं। बचपन में जंगली घास की तरह उगा हुआ पाते थे, पत्ती तोड़कर खा लेते थे - खट्टे से स्वाद का, अजब सी मिठास से जुड़ा, मगर आख़िरश ज़ुबाँ पे खट्टा स्वाद ही रह जाता था। तो मेरी कुछ तिपतियाँ पेश हैं आज…
BLOG tree with birds 
* ब्लॉगरी
ब्लॉग दुनिया पुराना नीम का पेड़,
ब्लॉगिये पंछी सुबह निकले थे,
शाम को दिन गँवा के लौटे हैँ।
----------------------------------------------
sunset* दिन
सुबह पानी में जगमगा के उगा
तवील राहों पे बेवजह तपा
और फिर पानियों में कूद गया
-------------------------------------
 
Poshak

* पोशाक
रेशमी ख़ाब, हक़ीक़त सूती
पसीनोँ मेँ नहाई रहती है
और बस इसलिए नहीं जलती…
----------------------------------------


  
TICA smaller
* बड़े शहर की हसीनाएँ
जिस्म छूने से कुछ गुरेज़ नहीं
दिल नहीं छूतीं,चमकदार हैं सब-
ये हसीं पुतलियाँ क्या फ़ैक्ट्रियों में बनती हैं?
--------------------------------------------










* लोग
Mumbai Marine Drive crowded
पत्थरों पे सागर की ओर पैर लटकाए-
सर झुकाए बैठे सब - साँझ ढले देर हुई
मेरे फ़्लैट जैसी क्या सब की गुम हुई चाभी?
----------------------------------------------------------------------
  * बड़ा शहर
Night Mumbai
तेज़ रफ़्तारें, चमचमाती कारें, सब रौशन-
दाम कुछ चीज़ों पे, कुछ पे नहीं-बिकाऊ सभी,
ये बड़ा शहर बड़ी सी दुकान लगता है !
-----------------------------------------------

Wednesday, April 21, 2010

और अब ये फूल

और अब ये फूल ऋतुसंहार को आए
सूर्य को सूरज - मुखी बन कर बहुत भाए

Tuesday, April 20, 2010

खेती और बागवानी : अवैज्ञानिक तरीके और पर्यावरण को नुक्सान

पर्यावरण को नुक्सान पहुँचाने में एक दूसरे की होड़ में हैं सब।
इन चित्रों में देखिए - एक निहायत अवैज्ञानिक तरीक़ा जो अपनाया जाता है पतझड़ के बाद पत्तियों के निस्तारण का -  उन्हें जला डालते हैं। दो चित्रों में झुलसे हुए पेड़ दिख रहे हैं और तीसरे में किस तरह झड़ी हुई पत्तियाँ - जहाँ जैसे थीं, जला दी गई हैं और राख दिख रही है।
दु:खद बात यह है कि यह राजकीय उद्यान में - जहाँ उन्नत तकनीक की कृषि, बागवानी और पौधशाला का विकास आदि करने के लिए एक पूरा सरकारी अमला नियोजित है, वहाँ भी हो रहा है। नासमझी में इसका अनुकरण भी बहुत से लोग कर सकते हैं।
नतीजतन जो पर्यावरण का नुक्सान - धुआँ - प्राकृतिक जैव खाद जो बन सकती थी, उसका नुक्सान - जैव माइक्रोबियल उत्पादों का राख में तब्दील हो जाना - ये सब तो होता ही है; ऊपर से इस सुलगती आग से कई बार अग्निकाण्ड भी हो जाते हैं।
मेरी मुख्य चिन्ता इन सुलगती पत्तियों से झुलसने वाले पेड़ों को लेकर है। पेड़ कई बार तो तना/जड़ें झुलस जाने के कारण मर जाते हैं, कई बार अगले मौसम तक फूल-फल नहीं पाते और कई बार इन पेड़ों पर बसेरा करने वाले पक्षी, मधुमक्खी के छ्त्ते और अन्य कीट-पतंगे आदि भी या तो नष्ट हो जाते हैं या भौगोलिक तौर पर अपना स्थान बदल लेते हैं और इस तरह प्रकृति से अनावश्यक छेड़-छाड़ से प्रकृति की "डाइवर्सिटी" बदल जाती है।
पतझड़ के ठीक बाद गर्मी आ चुकी होती है और पानी का संकट प्रारम्भ हो जाता है, जिससे इस स्थिति में सुधार और भी दुष्कर हो जाता है।
पेड़ों को सीधे होने वाला नुक्सान टाला जा सकता है, सिर्फ़ थोड़ी सी जागरूकता और मालियों व किसानों की शिक्षा से
कि इस तरह जला कर पत्तियों से केवल मच्छर भगाए जाते हैं जो एक या दो दिन में फिर वापस आ जाते हैं, जबकि नुक्सान अनेक हैं।
नई कृषि तकनीकों में एक मशीन भी शामिल है जो गेहूँ, धान आदि की बालियाँ काट लेती है, जिससे अन्न की बर्बादी तो बहुत कम होती है, मगर शेष पौधा खेत में खड़ा ही रहता है। इसके बाद इस डंठल या तने को सीधे आग लगा कर जला दिया जाता है और खेत में बाद में रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग कर उर्वराशक्ति बढ़ा ली जाती है।
इस प्रक्रिया में खेत की नैसर्गिक उर्वरा शक्ति का ह्रास तो लम्बी अवधि में होता है, मगर भूसे का नुक्सान तुरन्त ही हो जाता है।
परिणाम यह होता है कि जब तक यह प्रक्रिया केवल कुछ बड़े काश्तकारों तक सीमित है, तब तक शायद असर न पता चले, मगर बड़े स्तर पर यह पशुओं के चारे की समस्या को भी विकरालता प्रदान कर सकती है।
पता नहीं कहीं मेरी चिन्ता अतिवादिता या निराशावादिता का रूप तो नहीं ले रही!

गुलमोहर

गुलमोहर की ये तस्वीरें मैंने आज चन्द्रशेखर आज़ाद उद्यान उर्फ़ कम्पनी बाग़ में लीं (सुबह 6:45) और इनसे ये साबित हो रहा है कि गुलमोहर के फीकेपन के लिये गर्मी सीधे ज़िम्मेदार नहीं है। पानी पाने वाले पेड़ के फूलों में फीकापन नहीं आया, जबकि पानी की कमी वाले पेड़ के फूल फीके हैं यक़ीनन।
मगर पानी की कमी के लिए तो गर्मी ही ज़िम्मेदार है न!
तो ज्ञानदत्त जी की बात …इति सिद्धम्

Sunday, April 4, 2010

मनोरंजन


डिश जिस घर की छत पर लगी है उसी के प्रयोग मेँ है ये मेरी गवाही। घर की शक्ल से समझा जा सकता है कि मनोरंजन और सूचना की क्या प्राथमिकता है जीवन मेँ आज।
शायद कोई ब्लागिया भी रहता हो यहाँ!

बबूल के फूल

Saturday, April 3, 2010

बौराने का परिणाम


जो बौराते उनको अक्सर फलना पड़ता है
मीठी अमिया भी पहले खट्टी ही फलती है
* * * * * * * * *
ग़ज़ल की शक्ल पाकर ये शेर जल्दी ही हाज़िर होगा, संगम-तीरे पर
ग़ज़ल, वादे के मुताबिक हाज़िर हुई - अप्रैल 4, 2010 को।

Friday, April 2, 2010

मोरःप्राकृतिक जीवन

आँखेँ जुड़ा गईँ और गरम दुपहरी भी खली नहीँ, मोर परिवार से मिल कर।

Friday, March 26, 2010

कुमुक मोर्चे पर


जंग छिड़ने ही वाली है (गर्मी से), कुमुक (कूलरों की शक्ल में) मोर्चे पर पहुँच चुकी है। रसद (पानी-बिजली) का पता नहीं क्या होगा इस बार जंग के दौरान।
http://www.google.com/profiles/HIMANSHU27
http://kas-me.blogspot.com

Saturday, March 20, 2010

इलाहाबाद के चर्च : सेण्ट पॉल्स चर्च

आज प्रस्तुत है सेण्ट पॉल्स चर्च, इलाहाबाद। यह भी सिविल लाइन क्षेत्र के अत्यन्त समीप और पुरुषोत्तम दास टण्डन पार्क के ठीक पूर्व में सड़क के पार स्थित है। चर्च का सौन्दर्य सड़क की पटरी पर उगे बाज़ार से कैसा लग रहा है, यह दर्शाना एक प्रमुख ध्येय है मेरी इन पोस्टों का।
ये चर्च-चित्र-यात्रा सिविल लाइन से सटे हुए इलाकों की ओर अब चल कर संत मेरीज़ कॉन्वेण्ट और सेण्ट जोसेफ़ कॉन्वेण्ट के चर्च की ओर पहुँचेगी। फिर अन्य चर्च भी।
ख़ास बात यह ज़रूर है कि चर्च का अपना एक आर्किटेक्चर या वास्तु होता है इसलिए चर्च कहीं भी पीपल या नीम के नीचे तो नहीं उगते मगर ऐसे कम भी नहीं हैं संख्या में, यह शायद आप भी महसूस करें।

इलाहाबाद के चर्च : लाल गिरजा

और यह रहा लाल गिरजा या मेथोडिस्ट चर्च, यह भी सिविल लाइन क्षेत्र में ही है। यहाँ भी एक स्कूल चलता है, मेथोडिस्ट स्कूल। इसे नाम मिला हुआ है सेण्ट्रल चर्च का। सिविल लाइन में अभी कई अन्य चर्च शेष हैं जिनसे शीघ्र ही आपको परिचित करवाना है।
http://www.google.com/profiles/HIMANSHU27
http://kas-me.blogspot.com


Tuesday, March 16, 2010

नवरात्रि : देवी दर्शन और पूजन

ज़रा ध्यान से देखिए।
कुछ दिखा?
ज़रा चित्र पर क्लिक कीजिए - शायद पूरे आकार में देखने पर दिखे-
यक़ीन कीजिए, मैं अंधविश्वास नहीं फैला रहा।
मैं तो विश्वास जगाना चाहता हूँ।
कोशिश कर के देखिए - हाँ, अब जो धुँधली सी आकृति आप को दिख रही है, यही देवी का वह रूप है जिसके मुझे दर्शन हुए। इसके पीछे ही देवी का एक अन्य रूप भी है, जो मुझे तो दिख रहा था मगर कैमरे की नज़र में दर्ज नहीं हो पाया। अन्य चित्र जो कुछ दिखा रहे हैं वह कम्प्यूटर बाबा की महिमा और संपादन का करिश्मा है।

यह तीन-चार साल की छोटी सी कन्या है। प्रचलन के अनुसार नवरात्रि के दौरान इसे भी शायद देवी के बालरूप में पूजित किया जाएगा और जलेबी-दही, पूड़ी-हलवा आदि खिला कर लोग अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।
पीछे खड़ी है इसकी बड़ी बहन, जो अपने इस घर में, सड़क के नल से पानी भर कर रख रही थी, जो रोशनी की कमी से दिख नहीं रही यहाँ। उसकी उम्र लगभग आठ-एक साल रही होगी। मैं सड़क पर खड़ी गाड़ी में बैठा प्रतीक्षा कर रहा था अन्य साथियों की।

* * * * * * * * *

बड़ी बहन लगातार सड़क के नल से घर के विभिन्न बर्तनों में पानी भर कर रखती जा रही थी और साथ-साथ सिखाती जा रही थी गिनती - अपनी इस नन्हीं-मुन्नी बहन को - पहले 1 से 100, फिर वन टू हण्ड्रेड, और फिर ए, बी, सी …
बड़ी बहन पहले बोलती थी - "इक्यासी" और छोटी दुहराती थी-"इक्याशी"।
बीच में एक बार इस गुड़िया ने कहा - "दीदी! हम भी पानी भरें?" तो उसने जवाब दिया- "तुम अगर ठीक से पढ़ोगी, तो कभी पानी भरने-बर्तन माँजने का काम नहीं करना पड़ेगा।"
छोटी बोली- "लेकिन हम तुम्हारी मदद का काम करके भी तो पढ़ सकते हैं? तुम भी तो स्कूल जाती हो"। बड़ी बहन का प्रयास और छोटी की सीखने की ललक, साथ ही हाथ बँटाने का उत्साह…
रोशनी बेहद कम थी उस घर में, मगर मुझे लगा कि चारों ओर उजाला फैल गया है और यहीं पर मुझे लगा आज बालरूप में मुझे देवी ने दर्शन दिए।

* * * * * * * * *

अब लगा तो कह दिया।
ऐसी बहक और सनक भरी बातें मेरी आदत में शुमार हैं, माफ़ कीजिएगा अगर आपका क़ीमती वक़्त बर्बाद किया या आपको उद्विग्न किया हो। इसलिए भी कहा कि जो पढ़े-सुने उस पर भी देवी की कृपा हो और उसे सद्-बुद्धि भी मिले जिससे कम से कम वह एक कन्या को शिक्षा दिलाने में सहायक सिद्ध हो। हम में से कोई एक भी अगर अपने ख़ाली वक़्त या धन का उपयोग करके किसी कम साधन-संपन्न एक भी बालिका की शिक्षा में सहायक हो पाए तो शायद यह भी देवी की उपासना ही हो! कम साधन संपन्न ही क्यों- मेरा तो मानना है कि हिन्दुस्तान में किसी भी बालिका को शिक्षा दिलाना या उसमें सहायता करना, यहाँ तक कि अगर आप किसी को छात्रवृत्ति के बारे में बता दें या उसको किसी फ़ॉर्म के जमा करने में सहायक हो सकें, तो यह भी पूजा के समान ही है।
आपको नव-"शोभन"-संवत्सर की बधाई!

Monday, March 15, 2010

गिरजा : इलाहाबाद के चर्च

और यह रहा इलाहाबाद उच्च न्यायालय और रेलवे स्टेशन के समीप ही स्थित एक अन्य चर्च : सेण्ट पैट्रिक चर्च। यह कानपुर रोड पर 'पानी की टंकी' चौराहे से कानपुर की ओर स्थित है। आमतौर पर टेम्पो के अनधिकृत ठहराव या अड्डे के पीछे छुपता हुआ। यहाँ एक अत्यन्त योग्य होम्योपैथिक चिकित्सक का दवाख़ाना (शायद अभी भी हो) चलता था; एक स्कूल भी चलता है।
इस 'पानी की टंकी' चौराहे से कानपुर रोड गुज़रती है और उसे अंग्रेज़ी अक्षर 'वी' के आकार में मिलती हैं दो और सड़कें - पहला तो नवाब यूसुफ़ मार्ग, जिस पर मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय भी स्थित है और इलाहाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का सिविल-लाइन प्रवेश भी। दूसरा मार्ग है एक फ़्लाई-ओवर जो रेलवे स्टेशन के पुराने शहर की ओर के प्रवेश 'सिटी साइड' की ओर लीडर रोड पर ले जाता है।
नियमित यातायात जाम की समस्या को झेलता है यह चौराहा, जो उच्च न्यायालय, रेलवे स्टेशन, सिविल लाइन के ट्रैफ़िक का बोझ झेलते हुए कानपुर के राजमार्ग की छाती पर मूँग दलता रहता है। यह कानपुर रोड अब वास्तव में ग्रैण्ड ट्रंक रोड (एनएच2) का बाईपास नहीं रहा, उसी का अघोषित हिस्सा बन चुका है। बहुत से लोगों को तो यह पता भी नहीं कि अगर यह 'जीटी रोड' (बोलचाल में) नहीं है तो फिर जीटी रोड है कहाँ इलाहाबाद में।
सेण्ट पैट्रिक चर्च इन समस्याओं का मूक दर्शक भी है और साक्षी भी - हमारे उत्तर मध्य रेलवे द्वारा कानपुर रोड पर बढ़ाए गए दैनिक सड़क यातायात का जो इलाहाबाद शहर से दूर सूबेदारगंज में मुख्यालय के होने का परिणाम है।

ग्रीष्म का स्वागत


ग्रीष्म के स्वागत में ककड़ियाँ हाज़िर हो चुकीं कब से - लैला की उँगलियाँ-मजनूँ की पसलियाँ। मगर फ़िलहाल ज़ोर पर हैं चैत्र नवरात्र की तैयारियाँ।
http://www.google.com/profiles/HIMANSHU27
http://kas-me.blogspot.com

नवरात्र की तैयारियाँ और देवी दर्शन

दिनांक 16 मार्च को चैत्र प्रतिपदा के अवसर पर कलशस्थापन के साथ ही नवरात्रिपूजन प्रारंभ होगा।
बाज़ार अटे पड़े हैं पूजा के सामानों से। चुनरी, नारियल, वस्त्र, मेवा, सिंहासन, कलावा, धूप-अगरबत्ती आदि।
फूल-मालाएँ वैसे तो रोज़ आने वाली वस्तुएँ हैं, मगर आजकल इनकी मात्रा और खेप बढ़ी हुई है।
नवदुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के चित्र, विभिन्न फ़्रेमों और आकारों में उपलब्ध हैं। ये भी "कमोडिटी" ही तो हैं व्यापार में। मोल-तोल हो रहा है - आकार, फ़्रेम, आकर्षकता और विक्रेता की क्षमता और साख के अनुसार।
जनरल स्टोर वाले भी अवसर को भुनाने में लगे हैं, या शायद ग्राहक की सेवा में, द्वार पर ही सभी साधन ला देने को आतुर। रविवार के दिन साप्ताहिक बन्दी के बावज़ूद बाज़ारों में ख़ासी गहमा-गहमी थी।
रविवार को इलाहाबाद के चौक से लिए गए यह दृश्य प्रस्तुत हैं जिनमें 1857 के शहीदों की स्मारक-पट्टिका का सदुपयोग हो रहा है सड़क को घेरते अतिक्रमण के आधार के रूप में बने स्टॉल पर और पूजन सामग्री टिकाने के लिए।
यह पूर्वी उत्तर-प्रदेश के किसी भी नगर के लिए आम दृश्य हो सकता है, मगर यहाँ प्रस्तुत इसलिए किया मैंने क्योंकि मैंने नवरात्र के पूर्व विन्ध्याचल की अपनी यात्रा के दौरान देवी के रूप को साक्षात् देखा।
मैंने एक चित्र भी लिया, जो अगली पोस्ट में आपको प्रस्तुत करूँगा, यथासंभव आज रात्रि को ही या कल। देखिए मोबाइल कैमरे से लिए गए इस चित्र में आप को देवी दिखती हैं या नहीं, यह तो आप स्वयं ही जान पाएँगे।

पत्थर गिरजा

स्वाधीनता के पूर्व के आधुनिक इलाहाबाद का विकास ब्रिटिश सत्ता द्वारा प्रमुखत: होने से साथ ही साथ इलाहाबाद में कई चर्च भी विकसित हुए। इनमें से प्रमुख हैं ऑल सेंट्स कथीड्रल (पत्थर गिरजा), मेथॉडिस्ट चर्च (लाल गिरजा), सेण्ट पॉल्स चर्च, सेण्ट पैट्रिक चर्च, म्यौराबाद चर्च इत्यादि। एक मुहल्ले का नाम ही चर्चलेन है यहाँ।
बच्चों की अपने स्वर्णिमकाल में चर्चित पत्रिका 'टीन-एजर' यहीं से प्रकाशित होती है। मैंने सोचा कि इन चर्चों से क्यों न परिचित कराऊँ आप सबको, तो कड़ी में सर्वप्रथम प्रस्तुत हैं ये चित्र ऑल सेण्ट्स कथीड्रल  उर्फ़ पत्थर गिरजा के। यह चर्च एक बड़े से गोल चौराहे की शक्ल में बने हुए पार्क के मध्य स्थित है और यह इलाहाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन के सिविल लाइन की ओर, अत्यन्त समीप स्थित है। वस्तुत: इस चर्च के चारों ओर की भूमि भी चर्च की ही थी जिनमें से एक ओर है आई0पी0ई0एम0, यानी वह संस्था जो भारत में टॉफ़ेल की परीक्षा का नियन्त्रक संस्थान है।
इसके निकट ही हैं उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय, प्रादेशिक शिक्षा निदेशालय, पुलिस मुख्यालय, उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षा परिषद्, महालेखाकार कार्यालय आदि वह सभी कार्यालयीन संकाय जो इलाहाबाद को प्रादेशिक नौकरशाही के गढ़ के रूप में प्रतिष्ठित करते रहे हैं और जिस कारण से इसे दूसरी राजधानी का दर्जा मिला हुआ था।
चर्चा जारी रहेगी…