साथी

Showing posts with label दस बहाने. Show all posts
Showing posts with label दस बहाने. Show all posts

Friday, March 26, 2010

बाघ के बहाने (1411 ही बचे हैं, बस!)

1411 बचे हुए बाघों की दुहाई देकर कहा जा रहा है कि बाघों के बारे में कुछ भी कर के, मेल भेज कर, ब्लॉग लिख कर, फ़ोटोशूट में हिस्सा लेकर…आप सहयोग दे सकते हैं बाघों को बचाने में।
बचाना किससे है, पता ही है - आदमी से। अब आदमी से कौन किसको बचा सकता है ?
आदमी से जंगल नहीं बचे। न बचे जंगली।
पहाड़ नहीं बचे आदमी से। खोद डाले।
आदमी से सागर नहीं बचे। मछलियाँ मर रही हैं, कछुए मर रहे हैं। अन्य जल-जीव भी।
आदमी से अन्तरिक्ष नहीं बचा। वहाँ भी कचरा तैर रहा है।
आदमी से आदमी तक को तो बचा नहीं पाते हम लोग। लड़कियों औरतों की बात तो ख़ैर जाने ही दीजिए।
*   *   *   *   *   *   *   *   *
मगर हालात अभी भी ऐसे नहीं कि लाचार हो कर बैठ जाया जाए।
असली दिक्कत इसी बात की है कि बाघ ख़ुद भी तो बचने को तैयार हों। लगता है ख़ुद ही बचना नहीं चाहते ये बाघ।
आदमी के साथ-साथ रहने का सबसे आसान उपाय बताया था – दुम हिलाना सीख लो। अब बाघ हैं कि दुम हिलाने को राज़ी ही नहीं। दुम हिलाते भी हैं तो बड़े आराम से, धीरे-धीरे और घात लगाते हुए। बाघ की दुम हिली, यानी झपटने को तैयार है बाघ।
सावधान! बाघ की दुम का हिलना कोई अच्छा शकुन नहीं आदमी के लिए।
*   *   *   *   *   *   *   *   *
मिट जाएँगे, पर दुम नहीं हिलाएँगे। यह भी ठीक है।
दुम हिलाने लगे तो बाघ थोड़ा ही रह जाएँगे वो! वही बन जाएँगे जो दुम हिलाने वाले कहलाते हैं।
और इसीलिए उन्हें दुम हिलाने की सलाह मंज़ूर नहीं।
पर यह दुम हिलाने की सलाह अगर उनकी समझ में आ जाती तो गिनती के ही क्यों बचते?
अब ऐसी भी क्या बाघियत? अब अगर यह बाघियत वाली बात हमारी समझ में आ जाती, तो हम ही कौन सा आदमी रह जाते? बाघ न बन जाते!
मगर तब कोई जनसंख्या-समस्या न होती आदमी को लेकर। गिनती के बचते 1411, या और कम। पर तब क्या बाघ या दूसरे जन्तु हमें बचा रहे होते?
*   *   *   *   *   *   *   *   *
कमज़ोर सबसे पहले धर्म-परिवर्तन, वफ़ादारी परिवर्तन, स्थान-परिवर्तन आदि करके अपने को जिलाए रखने की कोशिश में लगे रहे हैं। जो मज़बूत हैं उन्हीं के मिट जाने का ख़तरा नज़र आता है अक्सर। गधे और कुत्ते-बिल्ली को कोई ख़तरा नहीं है, ख़तरा बाघ-शेर वगैरह को है। बकरे-मुर्गे-बतख़ें-सूअर-भेड़ आदि नियमित व्यञ्जन-सूची का हिस्सा बनकर भी शान से अपनी जनसंख्या बरक़रार रखे हैं। पैदा होने से भी पहले - अण्डे को ही खा जाता है आदमी, मगर मिट जाने का कोई ख़तरा नहीं उन्हें।
बाघों को हमेशा ही ख़तरा रहा है।
अब तो आदमी भी उसे बचाने पर तुल गया है। 
नेता भी। मीडिया भी। कोशिश जारी है कि ब्लॉगिए भी आस्तीन चढ़ा कर जुट जाएँ। 
यानी इस बार कुछ ज़्यादा ही ख़तरा है बाघ को । मज़बूत जो हैं बाघ ।


"जब से वो बाग़बाँ हुए यारो!
सारे जंगल धुआँ हुए यारो!" 

बस तालिबान और अल-क़ायदा या इण्डियन मुजाहिदीन और जुट जाएँ बचाने में… 
*   *   *   *   *   *   *   *   *
वैसा ही एक ख़तरा हिन्दी को भी बताया जाता रहा है, कि अगर लचीलेपन को न अपनाया तो मिट जाने का ख़तरा है। तो अगर वाकई ख़तरा है तो ये ख़ुश होने की बात है कि हिन्दी भी मज़बूत है। और ये बात भी खुशी की है कि ब्लॉगरी का बड़ा अहम योगदान होगा इस मज़बूती को बनाए रखने और बढ़ाते जाने में।
हिन्दी को बहुत फलता-फूलता देखना है अभी हमारी ही पीढ़ी को, बल्कि हमसे पिछ्ली पीढ़ी भी देखेगी, मगर ये भी ज़रूरी है कि ख़ुशफ़हमियाँ और मुग़ालते पहचान कर उन्हें दूर करने की कोशिश करें हम हिन्दीभाषी, समय रहते।
हिन्दी का स्वर्ण-युग आने को है।                
और शायद हिन्दुस्तान – हिन्दुस्तानियों का भी।


हिमान्शु मोहन
इब्तिदा=आग़ाज़=शुरूआत=पहल

Wednesday, March 17, 2010

कोशिश

ये वो बकवास है जिसे पढ़कर आदरणीय ज्ञानदत्त पाण्डेय जी मुझे ब्लॉगरी में घसीट लाए। ये उसी भूमिका के साथ वैसे ही प्रस्तुत है-


ये मेरा हालिया दौर में ताज़ा-ताज़ा लेखन है जिससे अभी तक धुआँ उठ रहा है। अब आप इस फ़िक्र में मत पड़ जाइए कि-


देख तो दिल-कि-जाँ से उठता है
ये    धुआँ-सा    कहाँ    से    उठता   है


भाई ये मेरे इस ‘अंश’ को लिखने या लिख डालने के पीछे सारी तोहमत, ज़िम्मेदारी या प्रेरणा, जो कुछ है सब कपिल भाई की वजह से। इस जोश से और इतना ठीक-ठाक लिख रहे हैं कि साथ निभाने को दो कदम चलना ही पड़ा। काव्य में पुराना हूँ मगर गद्य कभी लिखा नहीं सिवाय फ़ाइलों पर नोटिंग या परीक्षा में उत्तर के अलावा सो वही लिखने की कोशिश की है। कोशिश के सहारे शायद आगे ठीक भी लिखने लगूँ, इसी उम्मीद से लिखा और अब आपको भेज रहा हूँ “ताकि सनद रहे और वक़्त-ए-ज़रूरत काम आए”।

*   *   *   *   *   *   *   *   *   *   *   *

आसान नहीं है लिखना, सोच-सोच कर। इसी से ब्लॉग लिखने की कोशिश नहीं कर रहा, कभी-कभी दिल में खयाल आने के बावज़ूद।


मगर जब से यह सोचना शुरू किया कि लिखना तो आसान ही है, मुश्किल तो सोचना है, तब से यह कठिनाई दूर हो गयी। अब सोचना तो मुझे पहले से ही आता है। यह खुशफ़हमी वैसे तो कई लोगों को होती है मगर मेरे बारे में मेरे अलावा और लोगों को भी है।


तो आसानी से यह माना जा सकता है कि मैं सोच तो पहले से ही लेता हूँ, अब समस्या सिर्फ़ लिखने की बची। जो सोचा उसके सही या गलत का विचार करना ज़रूरी नहीं क्योंकि सही और गलत की परिभाषा का खुद में सही या गलत होना ही तय नहीं है। तो सोच भी लिया और लिख भी लिया – यानी हो गये लिक्खाड़। यानी लिखाई न हुई, पहलवानी हो गयी!


मेरे एक परिचित हैं-बड़े विश्वास और आस्था से कहते हैं-“भई लिखते रहिए। रोज़ कुछ-न-कुछ लिखिए ज़रूर। मैं तो जिस दिन कम से कम चार-छ्ह पेज न लिख लूँ। मुझे नींद ही नहीं आती। लगता है कुछ खाली-खाली सा है। कुछ ‘मिस’ करने जैसा लगता है”।


गोया लिखना न हुआ – सुबह-शाम टहलना या बाबा रामदेव के तरह-तरह के प्राणायाम जैसा कुछ हो गया।
यानी मानसिक व्यायाम! वैसे मुझे भी इसमें कुछ-कुछ ‘मान’ और कुछ-कुछ ‘सिक’ जैसा लगता तो है।


अब मेरा खयाल ये है कि इनके लिए लिखना ‘क्रिएटिव’ कैसे हो सकता है? रचनात्मकता है तो इस लिखाई में, मगर 19वीं सदी की किसानी जैसी लगती है। अपना काम खेत तैयार करने, बीज बोने, खाद लगाने, निराई करने का। पानी बरसाना ऊपर वाले का-अल्ला मेघ दे! फिर लगान लेना ज़मींदार का, फसल कटवा लेना ज़मींदार का और कभी-कभी जलवा देना भी, नाराज़ होने पर। भूखे रह कर तरसना-तड़पना परिवार का, सूद पर पैसा देना साहूकार का और अगली फसल तक ज़िन्दा रह जाने पर फिर खेती करना फिर से मेरा। यानी काम का बँटवारा अच्छी तरह कर रखा था सभी भागीदारों ने।


मगर किसान हर हालत में खेती का काम रोज़ाना करता ही था – बिना ‘मूड’ होने या न होने की परवाह किए। तो ऐसी लिखाई की ही उम्मीद की जा सकती है ‘रोज़ कुछ पेज’ लिखने वाले की लिखाई में। बहुतायत से गद्यात्मकता की उम्मीद। शायद मेरी और उनकी सोच के फ़र्क की वजह भी यही है कि मुझे कविता की विधाओं से वैसा लगाव है जैसा उन्हें लेख, उपन्यास आदि से।


मगर ‘करत-करत अभ्यास के, जड़मति होत सुजान’। जिन की मति ‘जड़’ नहीं थी ओरिजिनली, उनके बारे में कहावत लागू है या नहीं यह किसी दानिश से पूछ्ना पड़ेगा। सो लगे हाथ यह भी पूछ लेंगे कि ‘मेघ दे’ का काम अल्ला मियाँ के भरोसे ही क्यों छोड़ा हुआ था इतने बरस तक भाई लोगों ने?


क्या दूसरे लोगों के धर्म में गरीब-ज़रूरतमन्दों के लिए पानी बरसाने की मनाही है? या फिर पानी बरसाने का काम अल्ला मियाँ का, बर्फ़ गिरवाने का जीसस क्राइस्ट का, पत्थर बरसाने का जेहोवा का, निहाल करने का वाहेगुरू का (चाहे अपनी गर्दन ही क्यों न कटवानी पड़ जाए) और हाथ-पे-हाथ रख के बैठे रहने का भरोसा देने का भगवान का – कुछ इस तरह बँटवारा है क्या कामों का ऊपर आस्मान में? यहाँ यह बात दर्ज करना मैं ज़रूरी समझता हूँ कि ये ख्यालात कम्यूनल क़तई न समझे जायँ, बस थोड़ा सा सोचने के तरीके का मामला है यहाँ।


यहीं यह भी साफ़ कर देना ज़रूरी है कि अगर ग़ौर से देखा जाय तो समझ में आता है कि जो जितना ज़्यादा नियम से, लगातार और बिना फल की परवाह किए काम किए जाता है, उसे समाज में उतना ही निचले दर्जे का समझा जाता है और जो जितना ज़्यादा अपने ‘मूड’ के वशीभूत होकर काम करे, उसका दर्ज़ा उतना ही ऊपर। क्या यही ईश्वरत्व की पहचान है? या साफ़ हिन्दी में कहें तो ‘ऐश्वर्य’ की?


यानी ‘मूड’ नहीं था तो पानी नहीं बरसाया और ‘मूड’ किया तो फागुन में भी बारिश-ओले! यानी और ज़्यादा मूड किया तो ओले-ओले! और उधर हमारे कपिल भाई की तितलियाँ - बेचारी फूल ढूँढती फिर रही हैं फागुन में। और फूल नहीं मिलते, डैमफूल भले बौराए-फगुनाए-वैलेण्टियाए घूम रहे हों।


और यहाँ बारिश-कोहरा और बाढ़ आ जाए तो ज़िम्मेदारी ‘ख़ान’ की? बेचारा पहले ही लोगों को नाम (सॉरी! नेम) बताता घूम रहा है और लोग हैं कि ध्यान ही नहीं देते; ‘ख़ान’ से इंस्पायर नहीं होते – ‘शाह-रुख़’ पर सारा अटेंशन है।
वैसे भी ‘ख़ान’ होने में रखा ही क्या है? किसी को ऑस्कर नहीं मिला, किसी को ऐश्वर्य…


वो भी सब के सब राजा(शाह) का मुँह (रुख़) देख रहे हैं, यह भी देख रहे रहे हैं कि बादशाह का अब क्या रुख़ है? वो ज़माने अब गए जब लोग डरे-डरे रहते थे कि जाने कब कोई जाने किधर से ‘ठाँ’ करे! अब तो ‘ठाँ’ करके गले से लग जाते हैं लोग। सबका ध्यान इसी पर है कि राजा साहब अब किधर को देख रहे (रुख़ कर रहे) हैं? भाई ‘शाहरुख़’ का मतलब ‘जड़’ मति से तो ‘शाह जैसे चेहरे वाला’ ही समझ पाते हैं लोग। तभी तो अभ्यास करत-करत, करत-करत, करत-करत…


‘हाँ’ समझ गए ना? ये आराम का मामला है। आराम क्लासेज़ का भी।


उधर भइया हैं कि जो अब भइया रहे नहीं, ‘पा’ बन गए हैं। मगर खुद नहीं बने, खुद तो खाली बोलते हैं ‘पा’ और बिटवा को ही बना दिया ‘पा’। जो दूसरा ‘पा’ था ना ‘पापा’ में, सुनते हैं इन्कमटैक्स वाले ले गए बकाया उगाही के तौर पर। कोई ये भी कह रहा था कि शायद इन्कमटैक्स से तो छूट गया था, मगर दूसरा ‘पा’ जो पापा से अलग होकर निकला (या शायद निकाल दिया गया) वही ‘अमर’ हो गया है। ये बचा हुआ पा भी अकेला रह जाने से अब आजकल काफ़ी ‘मुलायम’ है। सब माया का खेल है।


माया महा-ठगिनि हम…


और देखिए कि ऐसी बकवास…


बेसिर-पैर की, फिर भी आप यहाँ तक पढ़ गए। यानी काफ़ी खाली वक़्त है भाई लोग के पास। अगर इतना वक़्त कुछ सरकारी काम-काज करने या सुधारने में लगाया होता…


तो क्या…


तो उसका भी ऐसा ही बण्टाधार किया होता जैसा लिखने की विधा का, इस अपने और हमारे वक़्त का और दमाग़ का किया है। चलो अच्छा ही किया जो ये किया, वो नहीं किया।


अच्छा है दिल के पास रहे पासबान-ए अक़्ल
लेकिन   कभी-कभी   उसे   तन्हा   भी   छोड़  दे